जीएसटी अधिकारी कर आधार बढ़ाने पर ध्यान देंगे
जीएसटी अधिकारियों से करदाताओं का दायरा बढ़ाने, नकद कर संग्रह में वृद्धि करने और कर चोरी पकड़ने के लिए खुफिया जानकारी तथा उन्नत आंकड़ा विश्लेषण का उपयोग करने को कहा गया है। कंपनियों से उपभोक्ता (बी2सी) लेनदेन के लिए इलेक्ट्रॉनिक बिल व्यवस्था 1 अप्रैल, 2027 से लागू होगी। जीएसटी नेटवर्क राज्यों को तकनीकी सहायता देगा, जबकि कुछ प्रक्रियागत सुधार जल्द लागू किए जा सकते हैं।

नई दिल्ली, एजेंसी। केंद्र और राज्यों के कर अधिकारियों से करदाताओं का दायरा बढ़ाने, नकद कर संग्रह में वृद्धि करने तथा कर चोरी करने वालों को पकड़ने के लिए खुफिया जानकारी और आंकड़ा विश्लेषण की अत्याधुनिक तकनीकी का उपयोग करने को कहा गया है। माल एवं सेवा कर (जीएसटी) लागू होने के नौ साल बाद इसकी दरों और प्रक्रियाओं के लगभग स्थिर होने के साथ ही यह कदम उठाया गया है। सूत्रों ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कंपनियों से उपभोक्ता (बी2सी) के बीच लेनदेन के लिए इलेक्ट्रॉनिक बिल व्यवस्था एक अप्रैल, 2027 से लागू होगी। जीएसटी नेटवर्क (जीएसटीएन) राज्यों को इसे अपनाने के लिए आवश्यक तकनीकी सहायता उपलब्ध कराएगा।
जीएसटी अधिकारी कंपनियों के लिए मददगार की भूमिका निभाएंगे और उन्हें बताएंगे कि कर विभाग के पास विस्तृत आंकड़े होने से जांच में किस तरह लाभ मिल सकता है।सूत्रों ने बताया कि 57वीं जीएसटी परिषद की बैठक में मंजूर कुछ प्रक्रिया संबंधी सुधारों के लिए केवल नियमों में बदलाव की जरूरत है। इन्हें जल्द लागू किया जा सकता है।

