जीएसटी विभाग की जांच में करोड़ों का टैक्स का गड़बड़झला, जांच शुरू
जीएसटी विभाग की जांच में करोड़ों का टैक्स का गड़बड़झला, जांच शुरू
जीएसटी की एसआईबी टीम ने शिकारपुर के खुर्जा रोड स्थित सरिया सिल्ली बनाने वाली फैक्ट्री की 21 दिनों से लगी सील खोलकर गहन जांच-पड़ताल की। हाईकोर्ट के आदेश पर फैक्ट्री निदेशक के दस्तावेज लेकर समक्ष पेश होने के बाद जब अधिकारियों ने रिकॉर्ड खंगाले तो काफी गड़बड़ी का मामला उजागर हुआ। एसआईबी के उपायुक्त जयंत सिंह ने बताया कि फैक्ट्री में स्क्रैप का उपयोग कर सरिया निर्माण में प्रयुक्त होने वाली सिल्ली बनाई जाती है। टैक्स चोरी की शिकायत मिलने पर टीम 14 अगस्त की देर शाम फैक्ट्री पहुंची थी। देर रात तक चले निरीक्षण के दौरान कर्मचारी मौके पर मौजूद माल का हिसाब-किताब और दस्तावेज नहीं दिखा सके। निदेशक को बुलाने पर भी जब वे नहीं पहुंचे, तो जांच प्रभावित होने के कारण फैक्ट्री के मुख्य परिसर को सील कर दिया गया था। विभागीय सीलिंग की इस कार्रवाई के खिलाफ फैक्ट्री संचालक ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई राहत नहीं मिली। हाईकोर्ट ने तीन सितंबर को टीम के समक्ष उपस्थित होकर जांच पूरी कराने के स्पष्ट आदेश दिए। इसके बाद निदेशक दस्तावेज लेकर अधिकारियों के समक्ष पेश हुए। जांच में पाया गया कि फैक्ट्री संचालक ने लगभग 80 लाख रुपये का कच्चा माल (स्क्रैप) होने की घोषणा की थी, लेकिन मौके पर भौतिक सत्यापन में 21.50 लाख रुपये का माल कम मिला। वहीं 3.24 लाख रुपये का निर्मित माल घोषित आंकड़े से अधिक पाया गया, जिसे टीम ने तुरंत सीज कर दिया। निर्मित माल अधिक और कच्चा माल कम मिलने के चलते विभाग द्वारा 18-18 प्रतिशत की दर से कर और जुर्माना लगाया जाएगा.
इनपुट टैक्स क्रेडिट क्लेम
-6.5 करोड़ रुपये का इनपुट टैक्स क्रेडिट क्लेम
उपायुक्त ने बताया कि जांच के दौरान साढ़े छह करोड़ रुपये का इनपुट टैक्स क्रेडिट का दावा भी संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। फिलहाल इस बिंदु पर विभागीय जांच जारी है। पुष्टि होने के बाद गलत आईटीसी क्लेम के संबंध में फैक्ट्री संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा।

