जीएसटी चोरी रोकने के लिए राज्यों को ऐप मिलेगा
नई दिल्ली, विशेष संवाददाता जीएसटी में बड़े बदलावों के बाद अब सरकार का अगला

जीएसटी में बड़े बदलावों के बाद अब सरकार का अगला लक्ष्य करदाताओं की संख्या तेजी से बढ़ाना है। सरकार ज्यादा से ज्यादा कारोबार को जीएसटी के दायरे में लाना चाहती है। इसके लिए कारोबारियों पर सीधे कार्रवाई करने के बजाय डाटा और तकनीक का इस्तेमाल बढ़ाया जाएगा। इसके लिए एक अप्रैल से केंद्र सरकार राज्यों को इसके लिए एक ऐप भी उपलब्ध कराने की तैयारी में है। इसके जरिए कारोबार से जुड़े आंकड़ों के विश्लेषण में राज्यों को मदद मिलेगी। केंद्र और राज्यों के बीच इस बात पर भी चर्चा हुई है कि जीएसटी में ज्यादा कारोबारियों को कैसे जोड़ा जाए। इसके लिए जीएसटीएन के आंकड़ों से उन जगहों और कारोबार की पहचान की जाएगी, जहां कर संग्रह में कमी दिखाई देती है। सरकार चाहती है कि ज्यादा से ज्यादा कारोबार जीएसटी के दायरे में आएं और खरीद-बिक्री बिल के जरिए हो। इससे कारोबार का पूरा रिकॉर्ड तैयार होगा और कर चोरी रोकने में मदद मिलेगी। साथ ही सरकार जीएसटी रिटर्न भरने और बिलों के मिलान की व्यवस्था में भी बदलाव करने की तैयारी में है। इसका मकसद रिटर्न में दी जाने वाली जानकारी की गुणवत्ता सुधारना और कर चोरी के मामलों को पकड़ना है।
फर्जी बिल और इनपुट टैक्स क्रेडिट नियमों की समीक्षा
फर्जी बिल पर आईटीसी रोकने के नियम की समीक्षा
केंद्र और राज्य सरकारों के अधिकारी अगले कुछ हफ्तों में इस बात पर चर्चा करेंगे कि आपूर्ति शृंखला में किसी एक कारोबारी की गड़बड़ी सामने आने पर पूरी शृंखला का इनपुट टैक्स क्रेडिट रोकना चाहिए या केवल संबंधित कारोबारी पर कार्रवाई होनी चाहिए। इसके लिए अधिकारियों की एक कमेटी गठित की गई है, जिसमें 12 राज्य शामिल हैं। इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) वह सुविधा है, जिसके तहत कारोबारी खरीद पर चुकाए गए जीएसटी का लाभ अपनी बिक्री पर देय कर में ले सकते हैं। बताया जा रहा है कि कुछ राज्यों ने जीएसटी परिषद की बैठक में इस प्रस्ताव की समीक्षा की मांग की थी। उनका कहना था कि पूरी शृंखला का इनपुट टैक्स क्रेडिट रोकने से गड़बड़ी करने वाले कारोबारियों के साथ अन्य कारोबारियों पर भी असर पड़ता है। वहीं, कारोबारियों की शिकायत है कि इस व्यवस्था से उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ई-इनवॉइस को बढ़ावा देने की योजना
ई-इनवॉइस को बढ़ावा देने की तैयारी
केंद्र और राज्य सरकारें ई-इनवॉइस यानी इलेक्ट्रॉनिक बिल व्यवस्था को बढ़ावा देने पर भी काम कर रही हैं। सरकार इस व्यवस्था को अनिवार्य बनाने के बजाय कारोबारियों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना चाहती है। फिलहाल पांच करोड़ रुपये के औसत सालाना कारोबार वाली निर्धारित सीमा में आने वाले कारोबारियों को कारोबारियों के बीच होने वाली बिक्री (बीटूबी) के लिए ई-इनवॉइस बनाना अनिवार्य है। नई व्यवस्था में उपभोक्ताओं को होने वाली बिक्री (बीटूसी) के लिए भी ई-इनवॉइस को बढ़ावा देने की योजना है। इससे आपूर्ति शृंखला में शामिल सभी पक्षों यानी सामान के शुरुआती आपूर्तिकर्ता से लेकर अंतिम विक्रेता तक के लेनदेन की जानकारी जुटाने में मदद मिलेगी। इससे बिक्री और खरीद के आंकड़ों का मिलान आसान होगा और कर चोरी के मामलों की पहचान की जा सकेगी।


