रिफंड की समय सीमा 15 दिन से घटाकर 10 दिन की जाएगी

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

जीएसटी परिषद ने रिफंड की समय सीमा 15 से घटाकर 10 दिन करने और 90 फीसदी दावों का जोखिम-आधारित स्वचालित निपटारा करने का फैसला किया। छोटे कारोबारियों के लिए पंजीकरण बंद करने और सालाना रिटर्न की प्रक्रिया आसान होगी। मालवाहक वाहनों की जांच सीमित होगी और ई-कॉमर्स के जरिए दूसरे राज्यों में कारोबार करना छोटे विक्रेताओं के लिए सरल बनाया गया है।

रिफंड की समय सीमा 15 दिन से घटाकर 10 दिन की जाएगी

नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने माल एवं सेवा कर (जीएसटी) परिषद की 57वीं बैठक में लिए गए फैसलों की जानकारी देते हुए कहा कि रिफंड की समय सीमा 15 दिन से घटाकर 10 दिन की जाएगी। यदि 10 दिन में न तो स्वीकृति दी गई और न ही कमी संबंधी पत्र जारी हुआ तो आवेदन को स्वीकृत माना जाएगा। 90 फीसदी रिफंड दावों का जोखिम के आधार पर स्वचालित निपटारा होगा। छोटे करदाताओं के लिए कारोबार बंद करने की प्रक्रिया स्वचालित की जाएगी। अंतिम रिटर्न अब अलग से दाखिल करने के बजाय पंजीकरण बंद करने के आवेदन का ही हिस्सा होगा। बैठक में यह भी तय किया गया कि जीएसटी प्रणाली अब विक्रेता द्वारा दर्ज जानकारी और खरीदार द्वारा लिए गए इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) का चालान-दर-चालान मिलान करती है। इससे फर्जी आईटीसी की पहचान उसी समय की जा सकेगी, जब वह बनाया जाता है। इसी तरह से 10 हजार से कम मामलों में कारण बताओ नोटिस जारी नहीं किया जाएगा। जीएसटी परिषद की बैठक में दिल्ली, गोवा, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र और मेघालय के मुख्यमंत्री। मणिपुर और तेलंगाना के उपमुख्यमंत्रियों के साथ विभिन्न राज्यों वित्त मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

रिटर्न और पंजीकरण प्रक्रिया में सुधार

रिटर्न में गलती सुधारना आसान

रिटर्न में मामूली गलती या अंतर को लेकर हर साल करीब 95 हजार स्वचालित नोटिस जारी होते हैं। परिषद के मुताबिक इनमें वसूली केवल संबंधित राशि के करीब 0.08 फीसदी के बराबर है। इनमें ज्यादातर मामले आंकड़े भरने की गलती से जुड़े हैं। अब विक्रेता अपनी बिक्री की रिपोर्ट में कमी या सुधार दर्ज करेगा तो इसकी जानकारी उस खरीदार तक भी पहुंचेगी, जिसने उस पर आईटीसी लिया है। पुराने कर अवधि के आंकड़ों में भी सुधार की सुविधा दी जाएगी। खरीदार का गलत पंजीकरण नंबर दर्ज होने पर उसे भी सुधारा जा सकेगा। आईटीसी का निपटारा इनवॉयस मैनेजमेंट सिस्टम के जरिए होगा। खरीदार जिस क्रेडिट को स्वीकार करेगा, वही उसके रिटर्न में शामिल होगा।

पंजीकरण फॉर्म को भी सरल बनाया जाएगा।

जीएसटी पंजीकरण में आवेदक को केवल वही जानकारी और दस्तावेज दिखेंगे, जो उसके मामले में जरूरी होंगे। नवंबर 2025 से सितंबर 2026 के बीच पंजीकरण में बदलाव के लिए 16.73 लाख आवेदन आए। इनमें 10.95 लाख यानी 65.45 फीसदी आवेदन व्यापार नाम, निदेशक या साझेदार में बदलाव अतिरिक्त कारोबारी स्थान के पते से जुड़े थे। ऐसे बदलाव अब स्वत: स्वीकार किए जाएंगे। यदि रिटर्न नहीं भरने या बैंक खाते की जानकारी नहीं देने के कारण पंजीकरण निलंबित या रद्द किया गया है तो कमी पूरी करने के बाद प्रणाली खुद पंजीकरण बहाल कर देगी।

छोटे कारोबारियों और माल परिवहन के लिए फैसले

पांच करोड़ तक कारोबार वाले छोटे कारोबारियों को साल में एक रिटर्न

ऐसे छोटे कारोबारी जिनका सालाना कारोबार पांच करोड़ रुपये तक है और जो केवल उपभोक्ताओं को सामान या सेवाएं देते हैं, उनके लिए साल में एक बार रिटर्न दाखिल करने की वैकल्पिक व्यवस्था को सैद्धांतिक मंजूरी दी गई है। उन्हें कर का भुगतान तिमाही आधार पर करना होगा।

रास्ते में हर राज्य में नहीं रोका जा सकेगा माल

माल लेकर जा रहे वाहन को अब केवल विशेष खुफिया सूचना के आधार पर रोका जा सकेगा। वाहन रोकने के निर्णय को पहले संयुक्त आयुक्त या उससे ऊपर के अधिकारी से मंजूरी लेनी होगी। माल जिस राज्य से शुरू हुआ है और जिस राज्य में पहुंचना है, केवल वही राज्य जांच कर सकेंगे। रास्ते में पड़ने वाले राज्य वाहन को रोककर जांच नहीं कर सकेंगे। इससे पांच राज्यों से गुजरने वाली खेप को हर राज्य में जांचे जाने की स्थिति खत्म होगी। दस्तावेज और ऑनलाइन मिलान की प्रक्रिया जारी रहेगी, लेकिन भौतिक जांच केवल सूचना के आधार पर होगी।

ई-कॉमर्स और यात्री परिवहन पर जीएसटी

ई-कॉमर्स के जरिये छोटे विक्रेताओं को देशभर में कारोबार की सुविधा

छोटे विक्रेताओं के लिए ई-कॉमर्स के जरिये दूसरे राज्यों में कारोबार करना आसान किया गया है। अब जिस राज्य में ई-कॉमर्स कंपनी का गोदाम है, वहां उसका गोदाम छोटे विक्रेता के लिए मुख्य कारोबारी स्थान के रूप में घोषित किया जा सकेगा। इसके लिए ई-कॉमर्स कंपनी की सहमति जरूरी होगी, जो प्रणाली के जरिये स्वत: दी जाएगी। विक्रेता का कम से कम एक राज्य में वास्तविक कारोबारी स्थान होना जरूरी रहेगा। प्रत्येक राज्य में पैन के आधार पर एक ही पंजीकरण होगा और यह पंजीकरण केवल ई-कॉमर्स मंच के जरिये की गई आपूर्ति तक सीमित रहेगा। अभी तक अलग-अलग कारोबारी मॉडल वाले ई-कॉमर्स मंच एक ही नियम की कई तरह से व्याख्या कर रहे थे। अब कर इस बात पर निर्भर करेगा कि वास्तव में कौन-सी सेवा दी गई है। एक ही सेवा पर समान कर लगेगा, चाहे उसे किसी भी कारोबारी मॉडल के जरिये उपलब्ध कराया गया हो।

ईवी यात्री परिवहन पर पांच फीसदी जीएसटी

इलेक्ट्रिक वाहनों से यात्री परिवहन और चालक सहित वाहन किराये की सेवाओं के लिए पांच फीसदी जीएसटी का विकल्प देने की सिफारिश की गई है। इसमें इनपुट टैक्स क्रेडिट सीमित रहेगा और वाहन की बैटरी चार्जिंग की लागत सेवा शुल्क में शामिल होगी। इसी तरह से पूर्वोत्तर राज्यों, सिक्किम और पश्चिम बंगाल के बागडोगरा से आने-जाने वाली सीट साझा करने वाली हेलीकॉप्टर यात्री सेवा को जीएसटी से छूट देने की सिफारिश की गई है।

कर योग्य आपूर्ति और जीएसटी राजस्व में वृद्धि

एक साल में कर आधार 25.8 फीसदी बढ़ा

जीएसटी की दो-दर वाली व्यवस्था लागू होने के एक साल में कर योग्य आपूर्ति 40.19 लाख करोड़ रुपये प्रतिमाह से बढ़कर 50.58 लाख करोड़ रुपये हो गई है। इसमें 25.8 फीसदी की वृद्धि हुई है। वित्त वर्ष 2025-26 में कर योग्य आपूर्ति 25 फीसदी से अधिक बढ़ी, जबकि 2024-25 में यह वृद्धि 13 फीसदी थी। उपभोक्ताओं को की गई आपूर्ति की रिपोर्टिंग भी 5.98 लाख करोड़ रुपये प्रतिमाह से बढ़कर 7.58 लाख करोड़ रुपये हो गई। इसमें 26.7 फीसदी की वृद्धि हुई है। सकल कर देनदारी 5.85 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 6.64 लाख करोड़ रुपये प्रतिमाह हो गई है। हालांकि, घरेलू आपूर्ति पर प्रभावी कर दर 14.55 फीसदी से घटकर 13.13 फीसदी रह गई है। यानी दरें कम हुईं और कर आधार बढ़ा है। वित्त वर्ष 2026-27 में जीएसटी राजस्व में पिछले साल की तुलना में 11 फीसदी वृद्धि हुई है। जून से अगस्त 2026 के दौरान यह वृद्धि 14.7 फीसदी रही।

-------------

जीएसटी परिषद के अन्य प्रमुख फैसले

जीएसटी परिषद की बैठक में लिए गए अन्य प्रमुख फैसले

- कैश लेजर में जमा अतिरिक्त राशि का रिफंड पूरी तरह स्वचालित होगा।

- कर्मचारियों के लिए लिए गए स्वास्थ्य और जीवन बीमा पर आईटीसी मिलेगा।

- टेलीकॉम टावर और फैक्टरी के बाहर बिछी पाइपलाइन पर भी आईटीसी मिलेगा।

- कानून के तहत नष्ट किए गए एक्सपायर्ड स्टॉक पर क्रेडिट मिलेगा।

- एक ही कारोबारी शृंखला में एक ही सेवा पर दो बार कर लगाने की व्यवस्था खत्म होगी।

- उलटी कर दर के मामलों में इनपुट सेवाओं पर भी रिफंड मिलेगा। यह 1 नवंबर 2026 से लागू होगा।

- प्लांट और मशीनरी पर चुकाए गए टैक्स का रिफंड भी मिलेगा। यह 1 अप्रैल 2027 से लिए गए क्रेडिट पर लागू होगा।

- विदेश में अपनी शाखा के जरिये विदेशी ग्राहक को सेवा देने वाली भारतीय कंपनियों को निर्यात का लाभ मिलेगा।

- विदेशी ग्राहक के सामान पर भारत में परीक्षण, मरम्मत, शोध, प्रमाणन या प्रसंस्करण को भी निर्यात सेवा माना जाएगा।

- पुराने ट्रैक्टर के टायरों पर जीएसटी की दर नए ट्रैक्टर टायरों के समान करने की सिफारिश।

- बुवाई के लिए इस्तेमाल होने वाले बीजों के भंडारण और गोदाम सेवाओं, कॉफी की क्योरिंग से जुड़ी कृषि सहायता सेवाओं तथा सीमन प्रोविडेंट फंड संगठन की सेवाओं को जीएसटी से छूट देने का प्रस्ताव है।

वस्तुओं और सेवाओं पर कर संबंधी स्थिति

जीएसटी परिषद ने इन वस्तुओं पर भी स्थिति साफ की

- इसबगोल के बीजों पर शून्य जीएसटी होगा, चाहे वे ताजे, ठंडे, जमे हुए या सूखे हों।

- पुराने वाहनों के कारोबारियों को दूसरे वाहनों के अलावा मरम्मत, रखरखाव, तकनीकी सेवा, किराये और विज्ञापन जैसी सेवाओं पर इनपुट टैक्स क्रेडिट लेने की अनुमति स्पष्ट की गई।

- प्लास्टिक, इलेक्ट्रॉनिक और विद्युत कचरा, टायरों के कचरे और इस्तेमाल किए गए खाना पकाने के तेल पर निर्धारित परिस्थितियों में रिवर्स चार्ज व्यवस्था लागू होगी।

- पंजीकृत कारोबारी से दूसरे पंजीकृत कारोबारी को ऐसे कचरे की आपूर्ति पर दो फीसदी टीडीएस लगाने का प्रस्ताव।

- खिलौनों की दर संबंधी प्रविष्टि को सभी संबंधित खिलौनों पर लागू करने की स्थिति स्पष्ट की गई।

जीएसटी परिषद के फैसलों से जुड़े सवाल

✦जीएसटी रिफंड की समय सीमा कितनी की जाएगी?−
रिफंड की समय सीमा 15 दिन से घटाकर 10 दिन की जाएगी।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsरिफंड की समय सीमा 15 दिन से घटाकर 10 दिन की जाएगी