चरखे से फैशन तक, बापू की खादी ने बदला अपना रूप
पूनम मौर्य हल्द्वानी। महात्मा गांधी के लिए खादी स्वावलंबन का प्रतीक थी। आज भी इसकी मांग बढ़ रही है, विशेषकर युवाओं के बीच। 2023 में खादी की बिक्री 9.97 लाख रुपये थी, जो 2026 में 64.52 लाख रुपये तक पहुंच गई है। खादी अब कई रंगों और डिज़ाइनों में उपलब्ध है।
पूनम मौर्य हल्द्वानी। महात्मा गांधी के लिए खादी सिर्फ कपड़ा नहीं, बल्कि स्वावलंबन और स्वदेशी का प्रतीक थी। वक्त बदला, पहनावे का अंदाज बदला और बाजार में कपड़ों के विकल्प बढ़े, लेकिन खादी का चलन खत्म नहीं हुआ। गांधी जयंती के मौके पर आज भी खादी भंडारों में इसकी मांग है। खास बात यह है कि अब खादी सिर्फ बुजुर्गों की पसंद तक सीमित नहीं है, बल्कि युवा भी कुर्ते, शर्ट और जैकेट के रूप में इसे अपने पहनावे का हिस्सा बना रहे हैं。
खादी की बिक्री में वृद्धि
सदर बजार स्थित गांधी आश्रम के संचालक अभय कुमार वर्मा के अनुसार पिछले चार वर्षों में खादी के कपड़ों की मांग लगातार बढ़ी है। वर्ष 2023 में जहां सालाना बिक्री 9.97 लाख रुपये थी, वहीं 2024 में बढ़कर 11.94 लाख रुपये हो गई। इसके बाद 2025 में बिक्री में बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई और यह 42.42 लाख रुपये पहुंच गई। वर्ष 2026 में अब तक बिक्री 64.52 लाख रुपये तक पहुंच चुकी है। गांधी आश्रम में सूती खादी के कुर्ते की शुरुआती कीमत करीब 350 रुपये है, जबकि डिजाइनर कुर्ते 900 रुपये से शुरू होते हैं।
फैशन में बदलाव
कलावती कॉलोनी स्थित गाँधी आश्रम खादी भवन के संचालक विनोद पांडेय ने बताया खादी का स्वरूप बदल गया है। पहले जहां खादी का मतलब मुख्य रूप से सफेद या हल्के रंग के सादे कपड़े, धोती-कुर्ता और गांधी टोपी से जोड़ा जाता था, वहीं अब बाजार में खादी के कई रंग और डिजाइन उपलब्ध हैं। कुर्ते के साथ शर्ट, जैकेट, साड़ी और अन्य परिधान भी ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं। पहले खादी की खरीदारी मुख्य रूप से बुजुर्गों और सामाजिक कार्यकर्ताओं तक सीमित रहती थी, लेकिन अब युवाओं की रुचि भी बढ़ी है।
खादी की पहचान
समय के साथ खादी के पहनावे का रूप भले बदला हो, लेकिन इसके पीछे जुड़ी स्वदेशी और स्थानीय उत्पादन की पहचान आज भी कायम है। यही वजह है कि खादी अब सिर्फ गांधी जयंती या विशेष अवसरों तक सीमित नहीं रहकर रोजमर्रा और आधुनिक पहनावे में भी जगह बना रही है।
चरखे का उपयोग
महात्मा गांधी के दौर में खादी की पहचान बने चरखे आज भी खादी बनाने में इस्तेमाल हो रहे हैं। गांधी आश्रम के संचालक अभय कुमार वर्मा ने बताया कि गांधीजी ने जेल में येरवदा चरखे का आविष्कार किया था। यह लकड़ी से बना चरखा था। इसके अलावा धनतड़िया चरखे का उपयोग भी आज किया जाता है। समय के साथ चरखे के स्वरूप और तकनीक में बदलाव आया है। अब बाजार में नए मॉडल के चरखे भी उपलब्ध हैं, जिनका इस्तेमाल खादी बनाने में सबसे अधिक किया जा रहा है।

