भूजल जन जागरुकता के लिए रवाना किया प्रचार वाहन
पीलीभीत में डीएम ज्ञानेंद्र सिंह ने भूजल सप्ताह की बैठक की, जो 16 से 22 जुलाई तक मनाया जाएगा। इस दौरान जागरुकता रैली, जल निकाय का पुनरुद्वार, तथा पेयजल एवं स्वच्छता समिति बैठक का आयोजन किया जाएगा। अभियान का मुख्य नारा 'जल संरक्षण का करें संकल्प' है।

पीलीभीत। कलेक्ट्रेट स्थित कैंप कार्यालय में डीएम ज्ञानेंद्र सिंह ने 16 जुलाई से मनाए जाने वाले भूजल सप्ताह की बैठक लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए। भूजल जागरुकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। बैठक में डीएम ने बताया कि भूजल सप्ताह 16 जुलाई से 22 जुलाई तक मनाया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सप्ताह के तहत चिन्हित जल निकाय के पुनरूद्वार के लिए श्रमदान, ग्राम पंचायत स्तर पर पेयजल एवं स्वच्छता समिति बैठक, जन-जागरुकता रैली, दीवार लेखन एवं पोस्टर प्रदर्शन, वर्षा जल संचयन स्थलों की पहचान, पौधारोपण, रिचार्ज पिट का निर्माण, जल संरक्षण शपथ, पूर्व निर्मित जल संरचनाओं का स्थलीय निरीक्षण, ड्रिप/स्प्रिंकलर सिंचाई का प्रदर्शन किया जाएगा।
विद्यालयों में पोस्टर, निबन्ध प्रतियोगिता कराई जाएगी। कहा कि भूजल अभियान का मुख्य नारा जल संरक्षण का करें संकल्प, इसका नहीं है कोई विकल्प रखा गया है। जल ही जीवन है। इस मौके पर डीडीओ संजय कुमार, डीआरडीए के परियोजना निदेशक पवन कुमार सिंह, डीसी जीरामजी हेमंत कुमार यादव, अधिशासी अभियंता सिंचाई आदि मौजूद रहे।


