जल संरक्षण के लिए कराएं प्रतियोगिताएं, दिलाएं शपथ
सीडीओ हर्षिका सिंह ने भूजल सप्ताह की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी विकास खंडों और नगर निकायों में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए, जिसमें जल संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। कई गतिविधियों जैसे प्रतियोगिताएं और रैली के आयोजन पर भी जोर दिया गया।

सीडीओ हर्षिका सिंह ने सोमवार को संगम सभागार में 16 से 22 जुलाई तक मनाए जाने वाले भूजल सप्ताह की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि भूजल सप्ताह के दौरान सभी विकास खंडों, नगर निकायों, विद्यालयों, महाविद्यालयों व ग्राम पंचायतों में व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। उन्होंने वर्षा जल संचयन, जल संरक्षण, जल स्रोतों के संरक्षण, भूजल के विवेकपूर्ण उपयोग के संबंध में लोगों को जागरूक करने पर विशेष बल दिया। सीडीओ ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार कार्यक्रमों का आयोजन सुनिश्चित करें। उन्होंने विद्यालयों में निबंध, चित्रकला एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताएं, रैली, शपथ ग्रहण, पौधरोपण, जल संरक्षण विषयक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए। साथ ही वर्षा जल संचयन संरचनाओं का निरीक्षण कर उन्हें क्रियाशील बनाए रखने, सरकारी भवनों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए भी निर्देशित किया। बैठक में डीडीओ जीपी कुशवाहा, डीसी मनरेगा गुलाब चंद्र आदि मौजूद रहे.
सप्ताह के लिए दिए निर्देश
- 16-17 जुलाई को ग्राम पंचायत स्तर पर अक्रियाशील वॉटर बॉडी का श्रमदान से पुनरुद्धार, पेयजल, स्वच्छता समिति की बैठक, जल-जागरूकता रैली, दीवार लेखन, पोस्टर प्रदर्शन, वर्षा जल संचयन स्थलों की पहचान, पौधरोपण, रीचार्ज पिट निर्माण, जल संरक्षण शपथ अनिवार्य रूप से आयोजित की जाए।
कार्यशाला और गतिविधियाँ
- 18-19 जुलाई) को विकास खंड स्तर पर कार्यशाला, समन्वय बैठक, पूर्व निर्मित जल संरचनाओं का निरीक्षण, ड्रिप-स्प्रिंकलर सिंचाई का प्रदर्शन।
- 20-21 जुलाई को नगर पंचायत स्तर पर कार्यशाला, विद्यालयों में पोस्टर, निबन्ध प्रतियोगिता, जल गुणवत्ता परीक्षण प्रदर्शन।
- 22 जुलाई को जिला स्तरीय कार्यशाला कराने को कहा।


