जल संरक्षण का संदेश घर-घर तक पहुंचाएं- सीडीओ
सीतापुर में भूजल सप्ताह का समापन मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीक्षा जोशी की अध्यक्षता में हुआ। 16 से 22 जुलाई तक चले सप्ताह के दौरान भूजल संरक्षण की शपथ दिलाई गई। उन्होंने जनभागीदारी को महत्व देते हुए वर्षा जल संरक्षण और आधुनिक सिंचाई तकनीकों पर जोर दिया। सभी ने जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की शपथ ली।

सीतापुर, संवाददाता। विकास भवन सभागार में बुधवार को भूजल सप्ताह के समापन अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीक्षा जोशी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। 16 से 22 जुलाई तक चले भूजल सप्ताह के सातवें व अंतिम दिन कार्यक्रम की उपलब्धियों की समीक्षा की गई और सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को भूजल संरक्षण की शपथ दिलाई गई।
बैठक में चर्चा
विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक में सीडीओ डॉ. दीक्षा जोशी ने कहा कि भूजल सप्ताह का उद्देश्य केवल सरकारी कार्यक्रमों का आयोजन नहीं, बल्कि घटते भूजल स्तर को रोकने के लिए जनभागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि वर्षा जल संरक्षण, भूजल का विवेकपूर्ण उपयोग और वैज्ञानिक प्रबंधन समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। इसके लिए आम जनता, किसानों, शिक्षण संस्थानों और उद्योगों को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
जल संरक्षण की पहल
प्रत्येक सरकारी एवं निजी भवन पर रूफटॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली स्थापित करने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाए, ताकि वर्षा की प्रत्येक बूंद को जमीन में पहुंचाकर भूजल स्तर को बढ़ाया जा सके। सीडीओ ने कहा कि खेत का पानी खेत में और जंगल का पानी जंगल में संरक्षित करने की सोच को व्यवहार में उतारना होगा। कृषि क्षेत्र में कम पानी की आवश्यकता वाली फसलों को बढ़ावा देने, सिंचाई के लिए सतही जल स्रोतों के अधिक उपयोग तथा स्प्रिंकलर और ड्रिप सिंचाई जैसी आधुनिक तकनीकों को अपनाने पर भी उन्होंने विशेष जोर दिया। बैठक के अंत में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने जल संरक्षण और भूजल संवर्धन को जनआंदोलन बनाने की शपथ ली।


