मुख्यमंत्री यमुना सिटी में दो इकाइयों का शिलान्यास करेंगे
ग्रेटर नोएडा, आशीष धामा । यमुना सिटी में दो बड़ी औद्योगिक इकाइयों के शिलान्यास की तैयारी

ग्रेटर नोएडा, प्रमुख संवाददाता। यमुना सिटी में दो बड़ी औद्योगिक इकाइयों के शिलान्यास की तैयारी है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शामिल होने की संभावना है। यीडा के अधिकारियों ने कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी हैं। यमुना विकास प्राधिकरण ने सेक्टर-10 में एस्कोर्ट कबौटा कंपनी को 100 एकड़ भूमि आवंटित की है। कंपनी यहां पर 2029 करोड़ रुपये का निवेश कर ट्रैक्टर के उपकरण तैयार करेगी। इकाई में लगभग 4500 लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। इसी तरह से सेक्टर-8डी में सीईएसई ग्रीन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी को भी 100 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। यह कंपनी सौर ऊर्जा से जुड़े उपकरण तैयार करेगी।
कंपनी करीब 3805 करोड़ का निवेश कर पांच हजार लोगों के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएगी। बताया गया कि है कि 11 अगस्त को इंडिया एक्सपो मार्ट में बायोफ्यूल को लेकर बड़ा कार्यक्रम होगा। इसमें सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत केंद्र सरकार के मंत्री भी शामिल होंगे। इसी दौरान मुख्यमंत्री यमुना सिटी के सेक्टर-8डी में सौर ऊर्जा के उपकरण बनाने वाली कंपनी की नींव भी रखेंगे। शुक्रवार को यीडा सीईओ ने कंपनी पदाधिकारियों के साथ बैठक करते हुए मौके पर जाकर निरीक्षण भी किया। वहीं, मुख्यमंत्री 19 या 20 अगस्त को फिर यमुना सिटी आएंगे और ट्रैक्टर के उपकरण बनाने वाली कंपनी एस्कोर्ट कबौटा की नींव रखेंगे। हालांकि, मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर अभी अधिकारियों के पास कोई अधिकारिक पत्र नहीं आया है, लेकिन अफसरों ने दोनों कार्यक्रम को लेकर अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं।


