उद्घाटन से पहले ही फट गई फोरलेन सड़क
पैकेज टू में खड़िया के पास सड़क पर लंबी दरार, मरम्मत में लगेगा वक्त बीचों

भागलपुर, प्रधान संवाददाता। मुंगेर-मिर्जाचौकी ग्रीनफील्ड फोरलेन सड़क उद्घाटन के पहले ही फट गई है। परियोजना के पैकेज-2 में खड़िया के पास सड़क में न केवल करीब 50 मीटर तक बड़ी दरार आ गई है बल्कि सड़क किनारे से मिट्टी में भी लंबी दूरी तक धंसान हो गया है। अभी यह सड़क पूरी तरह बनकर तैयार भी नहीं हुई है। बात हो रही थी कि श्रावणी मेला में फोरलेन सड़क के कुछ हिस्सों पर परिचालन शुरू कराया जाएगा, लेकिन इस घटना के बाद से सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। फोरलेन सड़क में दरार की सूचना के बाद एनएचएआई के अधिकारियों ने मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया है और उसको दुरुस्त करने के लिए संबंधित एजेंसी को निर्देशित किया गया है।
सड़क परियोजना का विवरण
मुंगेर से मिर्जाचौकी 124 किमी लंबी सड़क परियोजना है। इसमें चार पैकेज में काम कराया जा रहा है। यह गड़बड़ी पैकेज-2 में आयी है। यहां पास में रेलवे का गनगनिया स्टेशन भी है। इससे कुछ दूरी पर ही फोरलेन सड़क पर एनएचएआई के द्वारा टोल प्लाजा का निर्माण प्रस्तावित है। सड़क में टूट होने के बाद सोमवार को इसका वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हुआ। यह इलाका बाढ़ के लिहाज से संवेदनशील माना जाता है। यहां आसपास में कई बार रेल पटरियों के किनारे में धंसान होने का मामला आया है। इसकी वजह से रेल परिचालन तक रोका गया था। ऐसे में सवाल यह उठ रहा है कि इस इलाके के बारे में पूरी जानकारी होने के बाद भी फोरलेन सड़क निर्माण करने वाली एजेंसी और एनएचएआई की ओर से किस तरह से डिजाइन किया गया और गुणवत्ता का क्या पैमाना रखा गया जिससे यह सड़क चालू होने से पहले टूट गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि अभी बाढ़ आना बाकी है। अगर निर्माण गुणवत्ता ऐसी है कि बारिश में ही सड़क की यह स्थिति हो गई तो निश्चित रूप से बाढ़ के समय बड़ी समस्या हो सकती है。
उद्घाटन में देरी
विभागीय सूत्रों की मानें तो पैकेज 2 में आयी इस गड़बड़ी के बाद संभव है कि उद्घाटन में देरी हो जाएगी। क्योंकि अभी पाटम की तरफ काम शेष है और अब इस पूरे एरिया में न सिर्फ इस गड़बड़ी को दुरुस्त करने में समय लगेगा बल्कि अन्य जगहों की भी जांच करायी जाएगी। इसमें वक्त लग सकता है। कुछ जगहों पर अभी छोटे-छोटे काम कराए जा रहे हैं। पैकेज 2 में करीब 95 प्रतिशत काम पूरा हो जाने की बात बतायी जा रही थी। लेकिन अब इसकी वजह से देरी हो सकती है।
अधिकारी का बयान
एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर मनीष कुमार ने बताया कि पैकेज-2 में फोरलेन सड़क में दरार आयी है। जून में ही उस जगह को चिह्नित किया गया था और उसमें रेक्टीफिकेशन वर्क कराने की योजना बनी थी। लेकिन अभी उसी जगह पर दरार बड़ी हो गई है। जगह का जायजा लिया गया है और संबंधित एजेंसी को दुरुस्त करने के लिए गाइडलाइन दिया गया है। इसको जल्द दुरुस्त करा लिया जाएगा।


