Noida News: जिम्स में आउटसोर्स कर्मचारियों की हड़ताल स्थगित
Noida News: ग्रेटर नोएडा के जिम्स के आउटसोर्स कर्मचारी स्थाई नौकरी की मांग को लेकर हड़ताल रोकने पर मजबूर हुए हैं। वे सोमवार को संस्थान निदेशक और जिला प्रशासन के अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। कर्मचारियों ने पहले ही धरना प्रदर्शन कर सरकार से आश्वासन प्राप्त किया था, जो अब तक पूरा नहीं हुआ।

Noida News: ग्रेटर नोएडा, आशीष धामा। राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) के आउटसोर्स कर्मचारी की सोमवार से शुरू होने जा रही हड़ताल अस्थाई रूप से स्थगित हो गई है। सोमवार को कर्मचारी पहले संस्थान निदेशक और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ मुलाकात करेंगे। इसके बाद आगे की रणनीति पर काम होगा। बता दें कि जिम्स के करीब 150 से अधिक आउटसोर्स कर्मचारी पिछले लंबे समय से स्थाई नौकरी की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं। वह जून 2026 में इन मांगों को लेकर कई दिनों तक धरना और प्रदर्शन कर चुके हैं। इस दौरान कर्मचारियों पर लाठी चार्ज और मुकदमे तक हुए थे। हालांकि, बाद में कर्मचारियों को उनकी मांगों को शासन स्तर पर समाधान कराने के लिए आश्वासन दिया गया था, लेकिन यह मांगे पूरी नहीं हुई।
इसके चलते कर्मचारियों ने सोमवार से हड़ताल पर रहकर धरना और प्रदर्शन का निर्णय लिया था, लेकिन इसे अस्थाई तौर पर आज के लिए स्थगित कर दिया गया है।स्टाफ नर्स रश्मि ने बताया कि सोमवार को उनकी जिम्स निदेशक ब्रिगेडियर डॉ. आरके गुप्ता और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बातचीत होगी। उनके साथ होने वाली मुलाकात के बाद ही अब आगे की रणनीति पर काम होगा। कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें स्थाई नौकरी का आश्वासन दिया गया था, लेकिन जिम्स प्रबंधन ने फिर से विभिन्न पदों पर भर्ती निकाल दी है। पिछले प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों पर दर्ज हुए मुकदमे भी वापिस नहीं लिए गए हैं। वह वर्षों से संस्थान में डाटा ऑपरेटर, स्टाफ नर्स, वार्ड ब्वॉय समेत विभिन्न पदों पर काम कर रहे हैं, उन्हें काविड 19 के दौरान स्थाई करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन आज तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हो सका।


