चेक बाउंस का आरोपी बरी
ग्रेटर नोएडा, ब्रिजेश कुमार। एनआई ऐक्ट विशेष न्यायालय ने चेक बाउंस के मामले में आरोपी सुनील

ग्रेटर नोएडा, संवाददाता। एनआई ऐक्ट विशेष न्यायालय ने चेक बाउंस के मामले में आरोपी सुनील कुमार को बरी कर दिया। यह मामला सेक्टर बीटा-2 थाना क्षेत्र से जुड़ा है। परिवादी जियाउद्दीन ने आरोपी सुनील कुमार के खिलाफ परिवाद दायर करते हुए बताया था कि उनके और आरोपी के बीच 18 दिसंबर 2021 को ग्रेटर नोएडा स्थित एक फ्लैट को लेकर 53 लाख रुपये में विक्रय अनुबंध हुआ। इसके एवज में आरोपी ने दो चेक दिए। एक 4.30 लाख रुपये और दूसरा एक लाख रुपये का। शर्त यह थी कि यदि आरोपी 60 दिन के भीतर शेष भुगतान नहीं करता तो यह राशि जब्त कर ली जाएगी।
परिवादी के अनुसार जब उन्होंने बड़ी राशि वाला चेक बैंक में जमा किया तो वह अपर्याप्त राशि की टिप्पणी के साथ अनादरित हो गया। इसके बाद रजिस्टर्ड नोटिस भेजे जाने के बावजूद भुगतान न होने पर परिवाद दायर किया गया था। अदालत ने माना कि परिवादी अपने आरोप को संदेह से परे साबित नहीं कर सके और यह विवाद सिविल प्रकृति का है। परिणामस्वरूप आरोपी को बरी कर दिया।


