तिरंगा यात्रा में देशभक्ति का सैलाब, वंदे मातरम से गूंजा शहर
सीवान, नीरज। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से गुरुवार को सीवान शहर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। बाइक पर सवार सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक हाथों में तिरंगा लेकर शहर की...

सीवान, नीरज। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से गुरुवार को सीवान शहर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। बाइक पर सवार सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक हाथों में तिरंगा लेकर शहर की सड़कों पर निकले। यात्रा के दौरान भारत माता की जय और राष्ट्रभक्ति के नारों से पूरा शहर गूंज उठा। कार्यकर्ताओं में तिरंगा यात्रा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। तिरंगा यात्रा का नेतृत्व प्रभारी मंत्री केदार गुप्ता, सदर विधायक व पूर्व मंत्री मंगल पांडेय, दरौंदा विधायक कर्णजीत सिंह उर्फ व्यास सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी ने किया। यात्रा में प्रदेश मंत्री मुकेश सिंह कुशवाहा, पूर्व एमएलसी मनोज सिंह, अभिमन्यु सिंह, बीस सूत्री उपाध्यक्ष संजय पांडेय, संजय सिंह उर्फ गुड्डू बाबू, लीलावती गिरी, लालबाबू कुशवाहा, प्रेम मांझी, हरेंद्र कुशवाहा, सुनीता जायसवाल, देवेंद्र गुप्ता, अनुराधा गुप्तासहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए। बाइक सवार कार्यकर्ताओं के हाथों में लहराता तिरंगा और देशभक्ति के नारों से शहर का माहौल राष्ट्रभक्ति से सराबोर नजर आया। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देश के प्रति समर्पण का संदेश दिया।
प्रभारी मंत्री केदार गुप्ता ने बताया तिरंगे का महत्व
प्रभारी मंत्री केदार गुप्ता प्रमुख रूप से शामिल हुए। उन्होंने कहा कि तिरंगा महज देश का ध्वज नहीं, बल्कि भारत की एकता, अखंडता, गौरव और देशवासियों की भावनाओं का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा देशप्रेम और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करने वाला आयोजन है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से लोगों, विशेषकर युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना और मजबूत होती है।
मंगल पांडेय बोले- जन-जन तक पहुंच रहा एकता का संदेश
पूर्व मंत्री एवं सीवान सदर विधायक मंगल पांडेय ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभर में राष्ट्रभक्ति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों को लेकर आम लोगों में काफी उत्साह है। तिरंगा यात्रा देश की एकता, अखंडता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है।


