अंतिम सोमवारी पर बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ शिव शिव सरोवर किनारे गंगा महाआरती का हुआ आयोजन
सावन की अंतिम सोमवारी पर गंगा समग्र और पुजारी समिति ने बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ धाम के शिवगंगा सरोवर पर भव्य गंगा महाआरती का आयोजन किया। कार्यक्रम में विद्वान आचार्यों द्वारा विधिवत पूजन किया गया और गंगा की स्वच्छता पर जोर दिया गया। सभी को जलस्रोतों की स्वच्छता के लिए आगे आने का आह्वान किया गया।

फोटो ब्रह्मपुर, निज संवाददाता। सावन की अंतिम सोमवारी के अवसर पर गंगा समग्र व पुजारी समिति के संयुक्त संयोजन में बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ धाम स्थित शिवगंगा सरोवर पर भव्य गंगा महाआरती का आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। अर्चक बटुक आचार्य नीरज पांडेय, आचार्य मनी पांडेय व अर्चिशमान पांडेय ने महाआरती संपन्न कराई। महाआरती से पूर्व विद्वान आचार्यों द्वारा शिवगंगा सरोवर का विधिवत पूजन किया गया।
गंगा की महत्ता
इसके बाद गंगा समग्र का संगठन गीत ‘सुरसरिता बह रही है’ एवं ‘यह कल-कल-छल बहती क्या कहती गंगा धारा’ प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में गंगा समग्र के राष्ट्रीय मंत्री रामाशंकर सिन्हा ने कहा कि पतित पावनी मां गंगा भारत की सांस्कृतिक धरोहर और करोड़ों सनातन धर्मावलंबियों की आस्था का केंद्र है। गंगा की अविरलता और निर्मलता बनाए रखने के लिए सरकार के साथ समाज को भी आगे आना होगा। उन्होंने सभी जलस्रोतों की स्वच्छता को आवश्यक बताया। गंगा समग्र के दक्षिण बिहार प्रांत संयोजक सह राष्ट्रीय आरती आयाम प्रमुख शम्भूनाथ पांडेय ने गंगा एवं अन्य जलस्रोतों के किनारे बड़े पैमाने पर पौधारोपण की जरूरत बताई।
जलस्रोतों की स्वच्छता
उन्होंने कहा कि सभी को राजा भागीरथ की तरह गंगा के साथ तालाबों और अन्य जलस्रोतों को स्वच्छ, निर्मल एवं अविरल बनाए रखने का संकल्प लेना चाहिए। मौके पर आरएसएस भोजपुर विभाग सेवा प्रमुख शिवजी पांडेय, आलोक रंजन, जिला संयोजक अजय वर्मा सहित संतोष ओझा, सुरेंद्र यादव, श्रद्धानंद पांडेय, अमित पांडेय एवं रौशन पांडेय मौजूद रहे।


