संस्कृति महोत्सव में सीतामढ़ी बना ओवरऑल चैंपियन

हिन्दुस्तान, सीवान
Follow us on Google News
share

महाराजगंज में विद्या भारती विद्यालय द्वारा आयोजित दो दिवसीय प्रांतीय संस्कृति महोत्सव-2026 का भव्य समापन हुआ। इस महोत्सव में 43 विद्यालयों के 565 विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लिया। समापन समारोह में विद्या भारती झारखंड के पूर्व सचिव ने भारतीय संस्कृति के महत्व पर जोर दिया।

संस्कृति महोत्सव में सीतामढ़ी बना ओवरऑल चैंपियन

महाराजगंज, हिंदुस्तान टीम। अनुमंडल मुख्यालय के केशव नगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर परिसर में विद्या भारती विद्यालय एवं लोक शिक्षा समिति, बिहार के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय प्रांतीय संस्कृति महोत्सव-2026 का मंगलवार को भव्य समापन हुआ।

प्रतियोगिताओं की जानकारी

पांच और छह अक्टूबर को आयोजित महोत्सव में उत्तर बिहार के 21 जिलों के 43 विद्यालयों से 565 भैया-बहनों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। महोत्सव में 66 संरक्षक आचार्य, जिनमें 43 पुरुष एवं 23 महिला आचार्य शामिल थीं, ने भी सहभागिता की। प्रतिभागियों एवं आचार्यों के आवागमन के लिए 12 वाहनों की व्यवस्था की गई थी।

संस्कृति का संगम

दो दिनों तक विद्यालय परिसर में कला, साहित्य, संस्कृति, संस्कार और ज्ञान का अद्भुत संगम देखने को मिला। पत्र वाचन, आशुभाषण, मूर्तिकला, संस्कृत प्रश्न मंच, अंग्रेजी प्रश्न मंच, संस्कृति ज्ञान प्रश्न मंच तथा लोक नृत्य सहित विभिन्न विधाओं में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में प्राप्त अंकों के आधार पर सरस्वती विद्या मंदिर, रिंग बांध, सीतामढ़ी को ओवरऑल चैंपियनशिप एवं सर्वश्रेष्ठ विद्यालय का खिताब प्रदान किया गया।

समापन समारोह

समापन समारोह को संबोधित करते हुए विद्या भारती झारखंड के पूर्व सचिव अजय कुमार तिवारी ने कहा कि भारतीय संस्कृति केवल परंपराओं और आयोजनों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारे विचार, व्यवहार, आचरण और जीवनशैली में दिखाई देती है। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कारों को आत्मसात कर अपनी प्रतिभा का उपयोग समाज और राष्ट्रहित में करना चाहिए। उन्होंने कहा कि संस्कारयुक्त विद्यार्थी ही आगे चलकर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

विद्यार्थियों की प्रतिभा

महोत्सव के दौरान विद्यार्थियों ने संस्कृत, अंग्रेजी एवं संस्कृति ज्ञान प्रश्न मंच में अपनी ज्ञान क्षमता का परिचय दिया। पत्र वाचन और आशुभाषण में प्रभावशाली अभिव्यक्ति, मूर्तिकला में रचनात्मकता तथा लोक नृत्य में भारतीय लोक परंपराओं की मनोहारी झलक देखने को मिली। आयोजन ने विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सहयोग और राष्ट्रभावना को मजबूत करने का संदेश दिया।

सहयोग एवं मार्गदर्शन

आयोजन में समाज के करीब 65 बुद्धिजीवियों ने सहयोग किया। वहीं 42 लोगों ने विभिन्न व्यवस्थाओं में अपना सहयोग दिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य शंभु शरण तिवारी एवं सचिव शिवेंद्र विनोद कुशवाहा के मार्गदर्शन में महोत्सव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। मंच संचालन गणेश प्रसाद मौर्य ने किया। समापन समारोह में स्थानीय समिति की उपाध्यक्ष गीतांजलि कुंवर, सह सचिव गीता कुमारी सिंह, विभाग निरीक्षक अनिल कुमार राम, राजेश कुमार रंजन, रंजीत कुमार, गणेश प्रसाद मौर्य, कृष्णा प्रसाद, चंद्रमोहन प्रसाद सहित अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता, शिक्षक, समाज के गणमान्य लोग एवं प्रतिभागी उपस्थित रहे।

सामान्य प्रश्न

✦इस महोत्सव का समापन कब हुआ?−
महोत्सव का समापन मंगलवार को हुआ।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsसंस्कृति महोत्सव में सीतामढ़ी बना ओवरऑल चैंपियन