नासरीगंज में बाल श्रम के खिलाफ अभियान, 13 वर्षीय बाल श्रमिक विमुक्त
बिक्रमगंज, निज संवाददाता।बरडीहा स्थित राजू रितेश स्वीट्स शॉप से 13 वर्षीय बाल श्रमिक महेश कुमार को काम करते हुए पकड़ा गया। उसे विमुक्त

बिक्रमगंज, निज संवाददाता। सहायक श्रमायुक्त रिपुसूदन मिश्रा के निर्देश पर श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग की टीम ने शुक्रवार को नासरीगंज थाना क्षेत्र में बाल श्रम के खिलाफ अभियान चलाया। श्रम अधीक्षक राजीव रंजन के नेतृत्व में चल रहे अभियान के तहत प्रखंड श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी रितेश कुमार के नेतृत्व में धावा दल ने विभिन्न दुकानों की जांच की। इस दौरान बरडीहा स्थित राजू रितेश स्वीट्स शॉप से 13 वर्षीय बाल श्रमिक महेश कुमार को काम करते हुए पकड़ा गया। उसे विमुक्त कर जिला बाल कल्याण समिति को सौंप दिया गया। श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी रितेश कुमार ने बताया कि बाल श्रमिक को तत्काल तीन हजार रुपये की सहायता राशि दी गई।
साथ ही वयस्क होने पर मुख्यमंत्री राहत कोष से 25 हजार रुपये उसके बैंक खाते में हस्तांतरित करने की विभागीय प्रक्रिया पूरी की गई। अभियान में संझौली के राहुल शुक्ला, दावथ की निक्की कुमारी, काराकाट के राजेश कुमार और सूर्यपुरा के प्रकाश त्रिपाठी समेत स्थानीय थाना पुलिस मौजूद रही। अधिकारियों ने बताया कि बाल श्रम के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


