सरकारी नौकरियों की भर्ती प्रक्रिया समय पर करें पूरी : मुख्य सचिव
- वार्षिक कैलेंडर का भर्ती बोर्ड सख्ती से करें पालन - परीक्षा में तकनीकी

लखनऊ, प्रमुख संवाददाता
युवाओं को रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराने व सरकारी नौकरियों की भर्ती प्रक्रिया समय पर पूरी किए जाने को लेकर सोमवार को मुख्य सचिव एसपी गोयल ने विभिन्न आयोगों व भर्ती बोर्डों के साथ बैठक की। उन्होंने भर्ती परीक्षाओं के लिए निर्धारित वार्षिक कैलेंडर का सख्ती से पालन किए जाने के निर्देश दिए।
रोजगार के अवसर
मुख्य सचिव ने कहा कि यूपी के युवाओं को रोजगार के अधिक से अधिक अवसर दिलाना सरकार की प्राथमिकता है। विभिन्न चयन आयोगों व भर्ती संस्थाएं निर्धारित नियमों का पालन करते हुए भर्ती प्रक्रियाओं को समयबद्ध ढंग से पूरी करें। योग्य अभ्यर्थियों को नौकरी के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े। उन्होंने सुझाव दिया कि विभिन्न चयन परीक्षाओं के आयोजन, परिणाम जारी करने, अभिलेख सत्यापन व नियुक्ति से संबंधित प्रक्रियाओं के लिए वार्षिक कैलेंडर एवं निर्धारित समय सीमा का जरूर पालन हो।
प्रक्रियाओं की समीक्षा
उन्होंने कहा कि जहां कहीं किसी स्तर पर प्रक्रिया लंबित हो, वहां संबंधित संस्थाओं द्वारा उसकी नियमित समीक्षा करें। चयन परीक्षाओं में पारदर्शिता, शुचिता व निष्पक्षता पर सर्वोच्च प्राथमिकता दें। सुझाव दिया कि परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े प्रत्येक चरण में निर्धारित मानकों व नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए आधुनिक तकनीकी संसाधनों का अधिक उपयोग किया जाए।
परीक्षा की गुणवत्ता
मुख्य सचिव ने कहा कि भर्ती प्रक्रियाओं में तेजी लाने के साथ परीक्षा की गुणवत्ता एवं विश्वसनीयता बनाए रखना भी आवश्यक है। इस दृष्टि से भर्ती संस्थाओं के मध्य आवश्यक समन्वय एवं अनुभवों के आदान-प्रदान से प्रक्रियाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। बैठक में विभिन्न चयन आयोगों एवं भर्ती बोर्डों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भर्ती परीक्षाओं की प्रगति, समयबद्ध चयन प्रक्रिया तथा परीक्षा व्यवस्थाओं से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी साझा की। बैठक में भर्ती प्रक्रियाओं को और अधिक सुगम एवं समयबद्ध बनाने के संबंध में विचार-विमर्श भी किया गया।
बैठक में शामिल अधिकारी
बैठक में प्रमुख सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक एम. देवराज, उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष प्रशांत कुमार, प्रमुख स्टाफ ऑफिसर अमृता सोनी और उप्र लोक सेवा आयोग, उप्र अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, उप्र पुलिस भर्ती बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustan | Bureauहिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्यों सहित देश की राजधानी दिल्ली और एनसीआर (नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्करण प्रकाशित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपरि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद विस्तार से न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।
और पढ़ें

