गिर-साहिवाल गाय और मुर्रा भैंस खरीदने को सरकार देगी एक लाख का ऋण
दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति को उन्नत दुधारू पशुओं की खरीद को ऋण काम्फेड से संबद्ध

भागलपुर, मुख्य संवाददाता। राज्य के दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति के सदस्यों को उन्नत दुधारू पशुओं की खरीद के लिए सरकार ऋण मुहैया कराएगी। दुग्ध सहकारी संघ लिमिटेड (कॉम्फेड) से संबद्ध समिति के 20 हजार सदस्य प्रतिवर्ष तीन गाय और दो भैंस की खरीद कर सकेंगे। यह योजना बिहार के सभी जिलों में लगातार तीन वित्तीय वर्षों में चलाई जाएगी। एक पशु के लिए एक लाख रुपए का ऋण दिया जाएगा। योजना का मकसद राज्य में दुग्ध उत्पादन में वृद्धि व उत्पादन में बढ़ोतरी करना है। डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग ने मुख्यमंत्री गौधन विकास ऋण योजना के लिए 160 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। डेयरी खोलने के लिए जर्सी, गिर, साहिवाल, रेड सिंधी गाय, मुर्रा भैंस की खरीद होगी。
योजना के उद्देश्य
विभाग ने जिलों को भेजे गए पत्र में कहा कि राज्य में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने, किसानों की आय में वृद्धि करने तथा संगठित डेयरी क्षेत्र को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से यह आवश्यक है कि दुग्ध उत्पादक किसानों को उच्च नस्ल की गाय एवं भैंस की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। इस परिप्रेक्ष्य में बिहार स्टेट मिल्क को-ऑपरेटिव फेडरेशन (कॉम्फेड) के माध्यम से एक समन्वित योजना लागू किया जा रहा है। इस योजना के माध्यम से राज्य सरकार द्वारा कॉम्फेड से संबद्ध 20 हजार दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति के सदस्यों को तीन उन्नत नस्ल के दुधारू गाय एवं दो उन्नत नस्ल के भैंस का वितरण के लिये बैंक ऋण पर ब्याज की राशि राज्य सरकार द्वारा भुगतान करने की व्यवस्था की गयी है। जिला गव्य विकास पदाधिकारी साक्षी कुमारी ने बताया कि इस योजना के तहत दुग्ध उत्पादक किसानों को उन्नत नस्ल के गाय एवं भैंस क्रय करने के लिए बैंक द्वारा ऋण के मूलधन का भुगतान संबंधित किसान या पशुपालकों द्वारा किया जायेगा। ऋण की मासिक किश्त की राशि किसान को कॉम्फेड के दुग्ध सहकारी समिति में दूध विक्रय से प्राप्त राशि से स्वतः कटौती कर भुगतान की जाएगी। जिससे ऋण अदायगी में नियमितता होगी।
योजना के लाभ
इस योजना के कार्यान्वयन से ये मूल लाभ होंगे
1. इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से राज्य के दुग्ध क्षेत्र, किसानों तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर व्यापक एवं सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। इस योजना के अंतर्गत राज्य में दुग्ध उत्पादन में तीव्र वृद्धि होने की संभावना है, क्योंकि उच्च उत्पादकता वाले पशुओं की उपलब्धता से प्रति पशु उत्पादन क्षमता में उल्लेखनीय बढ़ोत्तरी होगी।
2. इसके साथ ही, दुग्ध उत्पादक किसानों की नियमित एवं स्थिर आय में वृद्धि होगी। दूध विक्रय के माध्यम से किसानों को प्रतिदिन आय प्राप्त होगी, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी और वे आत्मनिर्भर बन सकेंगे।
3. योजना के तहत पशुपालन गतिविधि के विस्तार से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नये अवसरों का सृजन होगा। पशुपालन, चारा आपूर्ति, दुग्ध संकलन एवं परिवहन जैसे कार्यों में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार में वृद्धि होगी।
4. इसके अतिरिक्त संगठित डेयरी नेटवर्क का विस्तार होगा, क्योंकि अधिकाधिक किसान दुग्ध सहकारी समितियों से जुड़ेंगे, जिससे दूध संग्रहण एवं विपणन प्रणाली अधिक मजबूत होगी।
ऋण स्वीकृत करने की प्रक्रिया
तीन सदस्यीय स्क्रीनिंग कमेटी करेगी ऋण स्वीकृत
इस योजना अन्तर्गत दुधारू मवेशी की डेयरी इकाई के लिए प्राप्त आवेदनों का स्क्रीनिंग जिला स्तर पर गठित स्क्रीनिंग समिति के समक्ष किया जाएगा। कमेटी में संबंधित जिले के जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक, जिला गव्य विकास पदाधिकारी और दुग्ध उत्पादक संघ के प्रबंध निदेशक या उनके प्रतिनिधि सदस्य के रूप में रहेंगे।


