दिव्यांगों को निजी जमीन पर दुकान निर्माण के लिए मिलेंगे 20 हजार
उरई में दिव्यांगों को रोजगार के लिए विभाग द्वारा 20 हजार की आर्थिक सहायता मिलेगी। इच्छुक आवेदकों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। जिनके पास निजी भूमि नहीं है, उन्हें भी दुकान संचालन के लिए वित्तीय सहायता दी जाएगी। यह पहल दिव्यांगों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए है।

उरई, संवाददाता। दिव्यांगों को रोजगार के लिए विभाग द्वारा दुकान निर्माण हेतु 20 हजार की आर्थिक सहायता मुहैया कराई जाएगी। इसमें उनको अनुदान के साथ ही ब्याज में भी काफी छूट मिलेगी। इच्छुक आवेदको को ऑनलाइन आवेदन करने होंगे जिनके पास निजी भूमि नहीं है उनको भी दुकान संचालन के लिए आर्थिक सहायता मुहैया कराए जाने का प्रावधान है। दिव्यांगों के हित में प्रदेश सरकार विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं जिससे वह खुद का रोजगार स्थापित कर अपना आर्थिक रूप से सक्षम हो सकें। जिन दिव्यांगों के पास निजी भूमि उपलब्ध है उनको दुकान निर्माण के लिए विभाग द्वारा 20 हजार की आर्थिक सहायता दिलाई जा रही है जिससे वह आत्मनिर्भर बन सकें।
इस धनराशि में से उनको पांच हजार का अनुदान दिया जाएगा जबकि शेष धनराशि जमा करने पर महज चार प्रतिशत की धनराशि ब्याज के रूप में ली जाएगी। इसके अलावा ऐसे दिव्यांग जिनके पास दुकान के लिए निजी भूमि नहीं है उनको भी 10 हजार की आर्थिक सहायता विभाग से दुकान संचालन के लिए दी जाएगी। इसमें भी उनको 2500 अनुदान के रूप में प्राप्त होंगे जबकि शेष रकम चार प्रतिशत ब्याज पर उनको उपलब्ध कराई जाएगी। जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी नीरज चौधरी ने बताया कि दिव्यांगों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए शासन द्वारा यह योजना संचालित की जा रही है। पात्र दिव्यांग ऑनलाइन आवेदन कर इसका लाभ उठा सकते हैं। चयन के उपरांत ने योजना से लाभान्वित किया जाएगा।


