15 सितंबर तक पूरा करना होगा तीन महीने का खाद्यान्न वितरण
हल्द्वानी में, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने सभी जिला पूर्ति अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अगस्त से अक्टूबर 2026 तक खाद्यान्न का ऑनलाइन वितरण 15 सितंबर तक पूरा होना चाहिए। केंद्र सरकार ने समय सीमा के बाद किसी भी विस्तार को मान्यता नहीं दी है। वितरण में प्रगति पर कड़ी नजर रखी जाएगी।

हल्द्वानी, मुख्य संवाददाता। सरकारी राशन की दुकानों से अगस्त, सितंबर और अक्तूबर 2026 के लिए आवंटित खाद्यान्न का शत-प्रतिशत ऑनलाइन वितरण 15 सितंबर तक पूरा करना होगा। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के अपर आयुक्त ने सभी जिला पूर्ति अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। विभाग के अनुसार भारत सरकार की ओर से इन तीन महीनों के खाद्यान्न के ऑनलाइन वितरण की अंतिम तिथि 15 सितंबर निर्धारित की गई है। केंद्र ने स्पष्ट किया है कि इसके बाद किसी तरह का समय विस्तार नहीं दिया जाएगा। ऐसे में राज्य में निर्धारित मासिक वितरण समय-सीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना होगा।
पत्र में कहा गया है कि अगस्त के खाद्यान्न वितरण की प्रगति की समीक्षा की गई है। सितंबर और अक्तूबर में वितरण की प्रगति अपेक्षाकृत कम पाई गई है। अपर आयुक्त पीएस पांगती की ओर से जारी आदेश के अनुसार वितरण कार्य की समीक्षा कर लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने और किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं।


