पीपीपी मॉडल पर बनेगी रेंटल हाउसिंग नीति, श्रमिकों और वरिष्ठ नागरिकों को मिलेगा सस्ते आवास का लाभ
प्रदेश में औद्योगिक श्रमिकों, प्रवासी मजदूरों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए किफायती किराये के आवास उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर रेंटल हाउसिंग नीति विकसित की जाएगी, जिससे रोजगार स्थलों के निकट सस्ते मकान उपलब्ध होंगे।

प्रदेश में औद्योगिक श्रमिकों, प्रवासी मजदूरों, कामकाजी लोगों, अल्प आय वर्ग के परिवारों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए किफायती किराये के आवास उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार ने बड़ी पहल की है। शासन ने पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर रेंटल हाउसिंग नीति तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए आवास एवं शहरी नियोजन विभाग के सचिव की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समिति गठित की गई है, जो विभिन्न वर्गों की जरूरतों के अनुरूप नीति का मसौदा तैयार करेगी। ——
रोजगार स्थलों के पास मिलेंगे सस्ते मकान
सरकार का उद्देश्य ऐसे लोगों को राहत देना है जो रोजगार के लिए दूसरे शहरों में आते हैं और महंगे किराये के मकानों के कारण आर्थिक दबाव झेलते हैं। प्रस्तावित नीति के तहत औद्योगिक क्षेत्रों, व्यावसायिक केंद्रों और बड़े रोजगार स्थलों के आसपास पर्याप्त संख्या में किफायती किराये के आवास विकसित किए जाएंगे। इससे प्रवासी मजदूरों, फैक्ट्री कर्मियों और अन्य कामकाजी लोगों को अपने कार्यस्थल के नजदीक रहने की सुविधा मिल सकेगी।
——-
वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी विशेष प्रावधान
शासन वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग रेंटल हाउसिंग व्यवस्था विकसित करने पर भी विचार कर रहा है। इनके लिए अलग कमेटी बनी है। प्रस्तावित नीति में ऐसे आवासों का स्वरूप, सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था और संचालन तंत्र तय किया जाएगा ताकि बुजुर्गों को सुरक्षित, सुविधाजनक और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराया जा सके। माना जा रहा है कि इससे अकेले रहने वाले या विशेष देखभाल की आवश्यकता वाले वरिष्ठ नागरिकों को बड़ा लाभ मिलेगा।
———
एलडीए उपाध्यक्ष सहित कई अधिकारी समिति में शामिल
गठित समिति में लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार, कानपुर, गाजियाबाद, वाराणसी और मेरठ विकास प्राधिकरणों के उपाध्यक्ष सदस्य बनाए गए हैं। इसके अलावा उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद के अपर आवास आयुक्त तथा नगर एवं ग्राम नियोजक विभाग के मुख्य नगर एवं ग्राम नियोजक को भी सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। निदेशक आवास बंधु को सदस्य-संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
———
निजी भागीदारी से विकसित होंगे प्रोजेक्ट
पीपीपी मॉडल के तहत निजी क्षेत्र की भागीदारी से बड़े स्तर पर रेंटल हाउसिंग परियोजनाएं विकसित की जाएंगी। समिति परियोजनाओं के विकास, निजी निवेश, किराया निर्धारण, आवासों की गुणवत्ता और संचालन व्यवस्था सहित विभिन्न पहलुओं पर सुझाव देगी।

