डीजल की बिक्री सीमित करने की अनुमति नहीं : सरकार
सरकार ने स्पष्ट किया है कि किसी भी कंपनी को ईंधन की बिक्री सीमित करने की अनुमति नहीं है। पेट्रोलियम सचिव नीरज मित्तल ने कहा कि निजी कंपनियों द्वारा डीजल खरीद की सीमा तय करने का कदम स्वीकार्य नहीं है। खुदरा और थोक डीजल की कीमतों में बड़ा अंतर है, जो बड़े उपभोक्ताओं को प्रभावित कर रहा है।

नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। निजी पेट्रोल पंपों पर डीजल की बढ़ती मांग के बीच सरकार ने साफ किया है कि किसी भी कंपनी को ईंधन की बिक्री सीमित करने की अनुमति नहीं है। पेट्रोलियम सचिव नीरज मित्तल ने गुरुवार को कहा कि पेट्रोल-डीजल की बिक्री पर किसी तरह की सीमा लगाना स्वीकार्य नहीं है। उनका बयान ऐसे समय आया है जब निजी क्षेत्र की जियो-बीपी और नायरा एनर्जी ने अपने कुछ पेट्रोल पंपों पर डीजल की खरीद की सीमा तय की है। इसकी मुख्य वजह खुदरा और थोक डीजल की कीमतों में बड़ा अंतर है। बड़े उपभोक्ता जैसे कारखाने, दूरसंचार कंपनियां, होटल और अस्पताल थोक बाजार की तुलना में खुदरा पंप से सस्ता डीजल खरीद रहे हैं。
सरकार पहले भी दे चुकी है निर्देश
पेट्रोलियम सचिव ने कहा कि सरकार निजी कंपनियों को ईंधन की बिक्री सीमित नहीं करने के संबंध में पहले भी पत्र और निर्देश जारी कर चुकी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार के रुख में कोई बदलाव नहीं आया है। पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि मंत्रालय निजी ईंधन कंपनियों के संपर्क में है। हालांकि, उन्होंने इस संबंध में विस्तृत जानकारी नहीं दी।
खुदरा-थोक कीमत में करीब ₹50 का अंतर
डीजल की खुदरा और थोक कीमतों में अंतर बढ़कर करीब 50 रुपये प्रति लीटर हो गया है। इसके चलते कुछ औद्योगिक उपभोक्ता पेट्रोल पंपों से एक बार में 400 से 600 लीटर तक डीजल खरीद रहे हैं। इससे कुछ पंपों के भंडार पर दबाव बढ़ गया है। पेट्रोल पंपों की भंडारण क्षमता सीमित होती है और दोबारा आपूर्ति मिलने में कुछ दिन लग सकते हैं। इसी वजह से कुछ निजी कंपनियों ने अपने पंपों पर खरीद की सीमा लगाई है。


