पूर्णिया : सितम्बर से बायोमैट्रिक उपस्थिति के आधार पर ही मिलेगा वेतन
हिन्दुस्तान, भागलपुर
पूर्णिया जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में कर्मचारियों की उपस्थिति अब बायोमैट्रिक प्रणाली से रहेगी। सितम्बर से वेतन भुगतान भी इसी उपस्थिति के आधार पर होगा। जिला पदाधिकारी का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य कार्य-संस्कृति में सुधार और पारदर्शिता बढ़ाना है।

पूर्णिया से धीरज की रिपोर्ट पूर्णिया। पूर्णिया जिला अंतर्गत सभी सरकारी विभागों एवं कार्यालयों में कार्यरत हजारों कर्मियों और अधिकारियों की उपस्थिति अब बायोमैट्रिक (बीबीएएस) प्रणाली के माध्यम से ही दर्ज की जाएगी। इसके साथ ही यह स्पष्ट किया गया है कि सितम्बर से सभी पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों का वेतन भुगतान केवल बायोमैट्रिक उपस्थिति के आधार पर ही सुनिश्चित किया जाएगा। जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार के मुताबिक जिला प्रशासन का यह कदम सरकारी कार्यालयों में कार्य-संस्कृति को बेहतर बनाने, पदाधिकारियों एवं कर्मियों की समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करने और प्रशासनिक पारदर्शिता बढ़ाने के उद्देश्य से उठाया गया है।


