मेडिकल कॉलेज में तैनात हुए 35 जूनियर डॉक्टर, सुधरेगी स्वास्थ्य सुविधा
बस्ती में मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए शासन ने 35 नॉन पीजी जूनियर रेजिडेंट चिकित्सकों की तैनाती की है। इससे मरीजों को इलाज और देखरेख में सहूलियत मिलेगी। चिकित्सकों की कमी के कारण पहले मरीजों के फॉलोअप और ओपीडी में समस्याएं हो रही थीं।

बस्ती, निज संवाददाता। मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में शासन ने पहल की है। शासन की ओर से बॉन्ड के तहत मेडिकल कॉलेज बस्ती में 35 नॉन पीजी जूनियर रेजिडेंट चिकित्सकों की तैनाती की गई है। नए चिकित्सकों के कार्यभार संभालने के बाद मरीजों को इलाज और देखरेख में सहूलियत मिलने की उम्मीद है। मेडिकल कॉलेज में लंबे समय से जूनियर चिकित्सकों की कमी के कारण वार्डों में भर्ती मरीजों के फॉलोअप और नियमित देखरेख में परेशानी हो रही थी। जूनियर डॉक्टरों की कमी का असर ओपीडी और वार्ड की व्यवस्था पर भी पड़ रहा था।
इसके चलते सीनियर चिकित्सकों पर अतिरिक्त कार्यभार था। अब 35 नॉन पीजी जूनियर डॉक्टरों की तैनाती से विभिन्न विभागों में चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ेगी और मरीजों को समय से इलाज मिलने में मदद मिलेगी। उप प्राचार्य डॉ. अनिल यादव ने बताया कि शासन की ओर से बॉन्ड के तहत 35 नॉन पीजी जूनियर डॉक्टरों की तैनाती की गई है। इन चिकित्सकों के आने से मरीजों की देखरेख और फॉलोअप में काफी मदद मिलेगी।


