राजेश पांडे होंगे डीवीसी के नए चेयरमैन
केंद्र सरकार ने दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) के नए चेयरमैन के रूप में 1995 बैच के आईएएस अधिकारी राजेश पांडे की नियुक्ति को मंजूरी दी है। उनकी नियुक्ति पांच वर्ष के लिए प्रभावी रहेगी। इससे पहले, एस सुरेश कुमार का कार्यकाल 31 मई को समाप्त हुआ था।

केंद्र सरकार ने दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) के नए चेयरमैन के रूप में 1995 बैच के आईएएस अधिकारी राजेश पांडे की नियुक्ति की मंजूरी दे दी है। इस संबंध में कार्मिक व प्रशिक्षण विभाग के मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने सोमवार को आदेश जारी किया। जारी आदेश के अनुसार पश्चिम बंगाल सरकार में सूक्ष्म, लघु व मध्यम उद्यम व वस्त्र विभाग के अपर मुख्य सचिव के रूप में कार्यरत राजेश पांडे अब दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) के चेयरमैन का दायित्व संभालेंगे। उनकी नियुक्ति पदभार ग्रहण करने की तिथि से पांच वर्ष के लिए अथवा अधिवार्षिकी (सेवानिवृत्ति) की आयु प्राप्त करने तक या अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी।
बता दें कि डीवीसी के नियमित चेयरमैन एस सुरेश कुमार का कार्यकाल 31 मई को समाप्त होने के बाद एनटीपीसी लिमिटेड के अध्यक्ष व प्रबंध निदेशक गुरदीप सिंह को डीवीसी के चेयरमैन का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया था। यह व्यवस्था 31 जुलाई तक अथवा नियमित चेयरमैन की नियुक्ति होने तक के लिए प्रभावी थी।


