आखिरकार दर्ज हुआ दुराचार का मुकदमा
गोसाईगंज पुलिस ने 15 अगस्त को दुराचार का आरोप लगाने वाली महिला का मुकदमा 12 दिन बाद दर्ज किया। महिला ने आरोप लगाया कि 10 अगस्त को प्रधान के मेट ने उसके साथ दुराचार किया और विरोध करने पर मारपीट की। न्याय के लिए महिला ने कई अधिकारियों के पास गुहार लगाई। अब पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

गोसाईगंज, संवाददाता गोसाईगंज पुलिस ने आखिरकार दुराचार का आरोप लगाने वाली महिला का मुकदमा 12 दिन बाद दर्ज कर लिया। महिला ने 15 अगस्त को प्रधान के मेट पर दुराचार का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी थी। इन 12 दिनों के भीतर महिला ने न्याय के लिए थाना, सीओ ऑफिस और एसपी के दरबार में जाकर गुहार लगाई थी।थाना क्षेत्र गांव निवासी महिला ने तहरीर में आरोप लगाया था कि 10 अगस्त को प्रधान का मेट उसके घर पहुंचा था। घर में अकेली देखकर उसने उसके साथ दुराचार किया। विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और जातिसूचक गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी।
महिला के मुताबिक घटना के बाद उसने परिजनों को जानकारी दी। महिला ने 15 अगस्त को गोसाईगंज थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। मुकदमा दर्ज न होने पर उसने अधिकारियों से शिकायत की। महिला का आरोप था कि न्याय के लिए उसे थाना से लेकर सीओ कार्यालय और एसपी कार्यालय तक चक्कर लगाने पड़े। अब पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुराचार, मारपीट, गाली-गलौज, धमकी सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। थानाध्यक्ष अखण्डदेव मिश्रा ने बताया मुकदमा दर्जकर विवेचना की जा रही है।


