डरें नहीं, आवाज उठाएं, कानून बच्चों के साथ : सिविल जज
गोरखपुर में महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज में गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर पोक्सो एक्ट पर विशेष विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य वक्ता सिविल जज विवेक दुबे ने विद्यार्थियों को पोक्सो अधिनियम के प्रावधानों और बाल अधिकारों के संरक्षण की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को समस्याओं से न डरने और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी।

गोरखपुर, निज संवाददाता। गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज की प्रार्थना सभा में गुरुवार को पोक्सो एक्ट पर विशेष विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य वक्ता सिविल जज (जूनियर डिवीजन) विवेक दुबे ने विद्यार्थियों को पोक्सो अधिनियम-2012 के प्रावधानों और बाल अधिकारों के संरक्षण की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अज्ञानता अथवा मौन किसी समस्या का समाधान नहीं है। विद्यार्थियों को अपनी शारीरिक व मानसिक स्वायत्तता, गरिमा और विधिक अधिकारों के प्रति सजग रहना चाहिए। किसी भी अनुचित व्यवहार, दुर्व्यवहार या उत्पीड़न की स्थिति में भयभीत हुए बिना तत्काल अभिभावक, शिक्षक या विधिक तंत्र से संपर्क करना चाहिए।
विद्यार्थियों को सोशल मीडिया का विवेकपूर्ण उपयोग करने तथा कानून के प्रति जागरूक एवं अनुशासित रहने की भी सलाह दी।कार्यक्रम का आयोजन उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गोरखपुर के निर्देश पर किया गया। प्रधानाचार्य डॉ. अरुण कुमार सिंह ने अतिथि का आभार जताते हुए विद्यार्थियों से सजग, अनुशासित और जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।

