जैव-चिकित्सकीय कचरा निस्तारण केंद्र के लिए भूमि आवंटन का इंतजार
गोरखपुर के सुथनी में 40 एकड़ में जैव-चिकित्सकीय कचरे के निस्तारण के लिए केंद्र की भूमि आवंटन प्रक्रिया का इंतजार है। नगर निगम ने 10 टन क्षमता की कॉमन बायो-मेडिकल वेस्ट सुविधा के लिए फर्म का चयन किया है। मेसर्स मेडिकेयर एनवायरनमेंटल प्राइवेट लिमिटेड को चुना गया है, जो नगर निगम को हर माह रॉयल्टी देगी।
गोरखपुर, राजीव दत्त पाण्डेय अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों से निकलने वाले जैव-चिकित्सकीय कचरे के सुरक्षित निस्तारण के लिए सुथनी में देश की पहली 40 एकड़ की इंटीग्रेटेड वेस्ट मैनेजमेंट सिटी कम लर्निंग सेंटर परिसर में बनने वाले केंद्र के लिए अब भूमि आवंटन की प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार कर रहा है। नगर निगम ने यहां प्रतिदिन 10 टन क्षमता वाले कॉमन बायो-मेडिकल वेस्ट ट्रीटमेंट एंड डिस्पोजल फैसिलिटी की स्थापना के लिए फर्म का चयन कर बोर्ड की स्वीकृति भी ले ली है।जैव-चिकित्सकीय कचरा निस्तारण केंद्र संचालन के लिए ई-निविदा के माध्यम से मेसर्स मेडिकेयर एनवायरमेंटल प्राइवेट लिमिटेड चयनित है। कंपनी नगर निगम को हर माह 18 लाख रुपये रॉयल्टी देनी होगी।
बदले में एक एकड़ भूमि 15 वर्ष के लिए लीज पर दी जाएगी। भूमि का वार्षिक किराया शासनादेश के अनुसार एक रुपये प्रति वर्ग मीटर निर्धारित है। कार्य संतोषजनक रहने पर नियमों के तहत लीज अवधि 10 वर्ष और बढ़ाने का प्रावधान होगा। मुख्य अभियंता अमित शर्मा कहते हैं कि प्रस्तावित केंद्र शुरू होने के बाद शहर के अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों से निकलने वाले सामान्य जैव-चिकित्सकीय कचरे के सुरक्षित उपचार और निस्तारण की सुविधा विकसित हो सकेगी। उन्होंने कहा कि जल्द ही भूमि आवंटन की प्रक्रिया पूर्ण कर भूमि पूजन कराया जाएगा।

