आदित्या ने एकल व युगल में जीता कांस्य
एशिया पेसिफिक डेफ बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 में एक गोल्ड समेत जीते तीन पदक टीम स्पर्धा

गोरखपुर, निज संवाददाता। ‘गोल्डन गर्ल’ आदित्या यादव ने एशिया पेसिफिक डेफ बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 में एक बार फिर अपने शानदार प्रदर्शन के साथ पदक हासिल किया। आदित्या ने टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीते, वहीं शुक्रवार को महिला एकल एवं युगल में कांस्य पदक प्राप्त किया। इस बार गोल्डेन गर्ल ने महिला एकल में अपने ही हम वतन साथी को हराया और महिला युगल में जापान की जोड़ी को हराते हुए देश का मान बढ़ाया।
चैंपियनशिप में आदित्या का शानदार प्रदर्शन
मलेशिया के पेनांग शहर में तीन से 10 अक्तूबर तक एशिया पेस्फिक डेफ मल्टी स्पोर्ट्स चैंपियनशिप 2026 का आयोजन किया गया। चैंपियनशिप में प्रतिभाग करते हुए गोरखपुर की गोल्डेन गर्ल डेफ ओलंपियन आदित्या यादव ने कुल तीन पदक हासिल किए, जिनमें एक स्वर्ण व दो कांस्य शामिल हैं। चैंपियनशिप के दौरान, सिंगल, डबल्स और मिक्स्ड तीनों मुकाबले खेले गए।
आदित्या को परिवार का साथ
रेलकर्मी पिता भी हैं बैडमिंटन खिलाड़ी
जिले की 17 वर्षीय बैडमिंटन खिलाड़ी आदित्या यादव 'मिशन एशिया' फतह कर वापसी की तैयारी कर रही हैं। आदित्या यादव जन्म से मूक-बधिर हैं, लेकिन अपने मजबूत हौसलों के साथ आज विश्व फलक पर अपने साथ देश का भी मान बढ़ा रही हैं। रेलवे में कार्यरत बैडमिंटन के राष्ट्रीय खिलाड़ी और कोच दिग्विजय यादव, आदित्या के पिता हैं। मां अंकुर यादव के साथ उन्होंने बेटी को मजबूत बनाया और हर समय उसका साथ दिया। उसी का नतीजा है कि छोटी-सी उम्र में आदित्या राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में कई स्वर्ण व रजत पदक जीत चुकी हैं।
आदित्या, अकैडमी ग्लोबल स्कूल जंगल धूषण की कक्षा 11वीं में अध्यनरत हैं। आदित्या की इस उपलब्धि पर डेफ सचिव सौरव श्रीवास्तव कानपुर, डेफ कोच सोनू आनंद शर्मा एवं गोरखपुर बैडमिंटन सचिव राजित श्रीवास्तव एवं क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी राजेश सोनकर, बैडमिंटन कोच संजीव कुमार सहित अकैडमी ग्लोबल के डायरेक्टर संजीव कुमार एवं प्रिंसिपल राजेश सिंह एवं अफरोज खान व अन्य ने बधाई दी है।
आदित्या की प्रमुख उपलब्धियां
आदित्या की प्रमुख उपलब्धियां
-10वें एशिया पैसिफिक डेफ गेम्स, मलेशिया (1-8 दिसंबर 2024): टीम इवेंट में रजत पदक व महिला डबल्स में कांस्य पदक।
-6वीं वर्ल्ड डेफ बैडमिंटन चैंपियनशिप, ब्राजील (14-25 जुलाई 2023): टीम इवेंट में स्वर्ण पदक, महिला एकल में रजत पदक व महिला डबल्स में स्वर्ण पदक।
-तीसरी वर्ल्ड यूथ डेफ बैडमिंटन चैंपियनशिप, ब्राजील (1-12 जुलाई 2023): लड़कियों के एकल में रजत पदक व डबल्स में रजत पदक।
-24वें डेफ ओलंपिक्स, ब्राजील (1-15 मई 2022): टीम इवेंट में स्वर्ण पदक व एकल में प्री-क्वार्टर फाइनल तक पहुंचीं।
-दूसरी एशिया पैसिफिक डेफ यूथ बैडमिंटन चैंपियनशिप, थाईलैंड (14-20 सितंबर 2022): अंडर-21 डबल्स में स्वर्ण, एकल में रजत और मिक्स्ड डबल्स में कांस्य पदक।
-छठी एशिया पैसिफिक डेफ यूथ बैडमिंटन चैंपियनशिप, थाईलैंड (14-20 सितंबर 2022): महिला डबल्स ओपन में स्वर्ण और महिला एकल ओपन में कांस्य पदक।


