तय समय में पूरा करें निर्माण कार्य: महाप्रबंधक
गोरखपुर के रेलवे स्टेशन पर पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण महाप्रबन्धक उदय बोरवणकर ने किया। उन्होंने मल्टी-लेवल पार्किंग, वाणिज्यिक ब्लॉक और मैकेनाइज्ड लॉन्ड्री सहित विभिन्न निर्माणाधीन कार्यों का अवलोकन किया और सभी कार्यों को निर्धारित समय पर, गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों के अनुसार पूरा करने का निर्देश दिया।

गोरखपुर, निज संवाददाता। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबन्धक उदय बोरवणकर ने मंगलवार को मुख्य प्रशासनिक अधिकारी/निर्माण अनुज मित्तल एवं निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ गोरखपुर जं. स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इसके अंतर्गत मल्टी-लेवल पार्किंग तथा निर्माणाधीन वाणिज्यिक ब्लॉक एवं अन्य भवनों के साथ जटेपुर रेलवे कॉलोनी स्थित न्यू कोचिंग कॉम्प्लेक्स के निकट निर्माणाधीन मैकेनाइज्ड लॉन्ड्री का भी निरीक्षण किया। महाप्रबन्धक ने निरीक्षण के दौरान सभी निर्माणाधीन कार्यों को सुरक्षा मानको को ध्यान में रखते हुए निर्धारित समय सीमा के अन्दर पूरा करने का निर्देश दिया।इसके बाद उन्होंने गोरखपुर जं. स्टेशन के मास्टर प्लान का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली।
उन्होंने दक्षिण पश्चिम ब्लॉक और स्टेशन पर मल्टी-लेवल पार्किंग की व्यवस्था एवं स्वच्छता तथा निर्माणाधीन वाणिज्यिक ब्लॉक एवं अन्य भवनों में बनाए जा रहे रैम्प का अवलोकन किया एवं सभी कार्यों को स्वीकृत ड्राइंग के अनुसार सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए पूरी गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयावधि में पूरा करने का निर्देश दिया।


