अर्धभूमिगत कचरा पात्रों का संचालन अब नगर निगम खुद करेगा, जानिए क्यों
राजीव दत्त पाण्डेय गोरखपुर। नगर निगम ने शहर में स्थापित 17 अर्धभूमिगत कचरा पात्रों

राजीव दत्त पाण्डेय गोरखपुर। नगर निगम ने शहर में स्थापित 17 अर्धभूमिगत कचरा पात्रों के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी अब खुद संभालने का फैसला किया है। नगर आयुक्त अजय जैन के निर्देश पर इन कचरा पात्रों की सफाई, आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने और समय-समय पर कचरा उठान की व्यवस्था नगर निगम अपने संसाधनों, सफाईकर्मियों और वाहनों के जरिए करेगा।
नगर निगम के निर्देश
इसके लिए अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार ने जोनल सेनेटरी अधिकारियों, मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक तथा सभी सफाई निरीक्षकों को निर्देश जारी किए हैं। स्वच्छ भारत मिशन (नगरीय) के समन्वय अधिकारी को सभी सफाई निरीक्षकों से समन्वय स्थापित कर इन कचरा पात्रों के संचालन एवं रखरखाव की निगरानी सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी है। कचरा पात्रों को समय-समय पर खाली कराने की भी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
प्रमुख ठेकेदार का चयन
कमाल है! हर बार एक ही फर्म को मिला टेंडर
स्वच्छ भारत मिशन (नगरीय) के तहत महानगर को कचरा मुक्त बनाने के उद्देश्य से 3 घन मीटर (लगभग 3000 लीटर) क्षमता वाले 17 अर्ध-भूमिगत कूड़ेदान (सेमी अण्डरग्राउंड बिन) के लिए ठेकेदार फर्म त्रिपाठी एक्सिम प्राइवेट लिमिटेड अजमेर के निदेशक अनिल त्रिपाठी का चयन किया। फर्म ने 2018 में 02, 2023 में 08 और 2026 में 07 स्थान पर कुल मिला कर 17 स्थानों पर फिनलैंड से आयातित अर्धभूमिगत कचरा पात्र की स्थापना, रखरखाव और संचालन भी कर रही है। फर्म का दावा है कि जागृति फाउंडेशन लिमिटेड अजमेर इन अर्ध भूमिगत कचरा पात्र के इस्तेमाल के लिए लोगों को जागरूक करती है।
कचरा पात्रों की रखरखाव लागत
6.39 लाख रुपये मासिक रखरखाव और संचालन शुल्क
नगर निगम 17 अर्धभूमिगत कचरा पात्र के संचालन और रखरखाव पर तकरीबन 6.39 लाख रुपये मासिक खर्च कर रहा है। नगर आयुक्त अजय जैन का ध्यान पार्षदों ने इस ओर दिला, इसे वित्तीय बदइंतजामी करार दिया। हर बार इसी फर्म को काम दिए जाने पर एतराज उठाया। नतीजतन अप्रैल माह से फर्म का भुगतान बाधित है। 01 अक्तूबर से अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार ने पत्र जारी कर इन कचरा पात्रों का संचालन भी अपने हाथ में ले लिया।
कचरा पात्रों के स्थान
यहां स्थापित हैं भूमिगत कचरा पात्र
इनमें नौका विहार, वसुंधरा एन्क्लेव, जेमिनी गार्डेनिया, लेक व्यू अपार्टमेंट, एमएमएमयूटी, आर्किड ग्रीन, जजेज कंपाउंड-बजाज पार्क, महाराणा प्रताप कॉलेज, जुबिली कॉलेज, दुर्गाबाड़ी, घोपाप कंपनी चौक, गोरखधाम एन्क्लेव, ग्रीन वैली, श्री जी अपार्टमेंट, गोकुल अपार्टमेंट, जेमिनी पैराडाइस और जेमिनी रेजीडेंसी शामिल हैं।
ठेकेदार की शिकायत
बोली ठेकेदार फर्म: 20 कर्मियों का 06 माह से मानदेय नहीं
उधर ठेकेदार फर्म त्रिपाठी एक्सिम प्राइवेट लिमिटेड अजमेर के निदेशक अनिल त्रिपाठी का कहना है कि 6.39 लाख रुपये मासिक रखरखाव एवं संचालन शुल्क अप्रैल माह से बकाया है। छह माह से 20 कर्मचारियों को मानदेय नहीं दे सका हूं। 30 सितंबर के बाद कर्मियों ने काम बंद कर दिया है। निगम ने जनवरी 2026 में 10 बिन का 3.22 करोड़ में 02 साल के रखरखाव के साथ टेंडर दिया था जिसमें सिर्फ 07 ही लगवाए।
सफाई की स्थिति
और शुक्रवार को यूं दिखा हाल-ए-बिन
आपके अपने अखबार हिन्दुस्तान ने शुक्रवार को अर्धभूमिगत कचरा पात्रों का निरीक्षण किया। बसुंधरा इन्क्लेव के पास बिन भरा मिला लेकिन आसपास सफाई दिखी। बसुंधरा के आकाश त्रिपाठी ने बताया कि 06 दिन से बिन से कचरा नहीं निकाला है। बिन स्थल पर झाडू पोछा करने वाला नरेश बुधवार से नहीं आ रहा। इसके आगे अंबेडकर पार्क के मुख्य द्वार के आगे अर्धभूमिगत कचरा पात्र लगा है, जो आधा भरा है। लेकिन उससे कुछ दूरी पर पड़े कचरे पर गाए मुंह भारती दिखी। यहां फूल स्टॉल लगाने वाले शुभम ने बताया कि वे सब अपना कचरा पात्र में डाल देते हैं। 10-12 दिन पर निगम की गाड़ी पात्र से कचरा ले जाती है। इसके आगे जेमिनी गार्डेनिया पर अर्धभूमिगत कचरा पात्र स्थल भी साफ सुथरा मिला। हालांकि यहां झाडू नहीं लगा था। जेमिनी गार्डेनिया के सर्विस मैनेजर नवीन सिंह ने बताया कि दो दिन से सफाई के लिए नरेश नाम का कर्मी नहीं आ रहा है। उन्होंने बताया कि वहां लगाए गए सीसी कैमरे के लिए बिजली उन्ही के यहां से मिलती है।
सफाई निर्देश और भविष्य की स्थिति
‘‘सभी अर्धभूमिगत कचरा पात्रों की नियमित सफाई के निर्देश दिए हैं। अर्धभूमिगत कचरा पात्र के आसपास कचरा एकत्र न होने देने के साथ ही स्थल को साफ-सुथरा और व्यवस्थित रखे जा रहे हैं। एक दो दिन में स्थिति सामान्य हो जाएगी।’’
प्रमोद कुमार अपर नगर आयुक्त स्वच्छ भारत मिशन
खास-खास
-अप्रैल से 6.39 लाख रुपये मासिक रखरखाव और संचालन शुल्क रोका
-फिनलैंड से आयात कर लगाए गए हैं करोड़ों रुपये के अर्धभूमिगत कचरा पात्र
-2018 में 02, 2023 में 08 और 2026 में 07 स्थानों पर लगाए गए कचरा पात्र
-30 सितंबर से संचालन करने वाली फर्म ने 20 कर्मी हटा काम बंद किया


