ऑनलाइन कार्यों का आठ से बहिष्कार करेंगे लेखपाल
गोरखपुर में लेखपाल संघ ने वेतन भत्ते की मांग को लेकर 8 अक्टूबर से ऑनलाइन कार्यों का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। इससे जाति और निवास प्रमाण पत्र, वरासत रिपोर्ट, आदि जैसे कार्य प्रभावित होंगे। लेखपालों का धरना 3 अक्टूबर को होगा और अगर मांगें नहीं मानी गईं तो 24 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू होगी।

गोरखपुर, निज संवाददाता। वेतन भत्ते की मांग लेकर चल रहा लेखपाल संघ का आंदोलन का प्रभाव आठ अक्टूबर से बढ़ जाएगा। संगठन ने निर्णय लिया है कि आठ अक्टूबर से वे प्रशासनिक वाट्स एप ग्रुप को छोड़कर ऑनलाइन कार्यों का बहिष्कार करेंगे, जिससे जाति, आय, निवास प्रमाण पत्र, वरासत रिपोर्ट, फार्मर रजिस्ट्रेशन, सत्यापन आदि कार्य नहीं होंगे। इससे आम आदमी की समस्याएं और बढ़ सकती हैं। फिलहाल लेखपालों ने 22 सितंबर से अतिरिक्त हल्के का बस्ता जमा किया है, इससे उन हल्कों में लोगों का काम प्रभावित हो रहा है। तहसील सदर के अध्यक्ष अनिल राय ने बताया कि तीन अक्टूबर को संपूर्ण समाधान दिवस का बहिष्कार करते हुए तहसील परिसर में धरना देंगे।
धरना सभा के बाद मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा जाएगा। आठ अक्टूबर से ऑनलाइन कार्यों का बहिष्कार शुरू होगा।10 अक्टूबर को लेखपाल काली पट्टी बांधकर थाना दिवस पर कार्य करेंगे।12 अक्टूबर को तहसील व जिला मुख्यालयों पर आयोजित शिविरों में लेखपाल रक्तदान करेंगे। 14 अक्टूबर को जिला मुख्यालय पर बाइक रैली निकाली जाएगी। 17 अक्टूबर को संपूर्ण कार्यों का बहिष्कार करते हुए तहसील मुख्यालयों पर धरना करेंगे। तहसील मंत्री रत्नेश सिंह ने बताया कि चरणबद्ध आंदोलन के दौरान उनकी मांगों पर अमल नहीं हुआ तो 24 अक्टूबर से लेखपालों का अनिश्चित कालीन संपूर्ण कार्य बहिष्कार शुरू होगा।


