अंडर-19 बैडमिंटन में प्रदेशभर के 200 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम
गोरखपुर में 10 से 13 सितंबर तक प्रकाश नारायण श्रीवास्तव स्मृति द्वितीय यूपी स्टेट मेजर बैडमिंटन टूर्नामेंट आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रदेशभर से लगभग 200 खिलाड़ी भाग लेंगे। प्रतियोगिता में विभिन्न श्रेणियों की स्पर्धाएं होंगी और विजेताओं को नकद पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
गोरखपुर, निज संवाददाता। प्रकाश नारायण श्रीवास्तव स्मृति द्वितीय यूपी स्टेट मेजर बैडमिंटन टूर्नामेंट (अंडर-19) का आयोजन 10 से 13 सितंबर तक लेविन्स बैडमिंटन अकादमी, धरमपुर में किया जाएगा। प्रतियोगिता का आयोजन गोरखपुर जिला बैडमिंटन एसोसिएशन की ओर से किया जा रहा है। इसमें प्रदेशभर के करीब 200 खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। प्रतियोगिता में बालक एकल, बालक युगल, बालिका एकल, बालिका युगल और मिक्स्ड डबल्स की स्पर्धाएं होंगी। प्रतियोगिता का आयोजन महात्मा गांधी इंटरमीडिएट कॉलेज की ओर से प्रायोजित किया जा रहा है। एसोसिएशन के सचिव रजनीत श्रीवास्तव ने बताया कि प्रतियोगिता के सफल आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगे यूपी टीम में चयन का अवसर मिलेगा।प्रतियोगिता का उद्घाटन 10 सितंबर को शाम चार बजे होगा, जबकि पुरस्कार वितरण 13 सितंबर को दोपहर तीन बजे किया जाएगा। विजेता को आठ हजार, उपविजेता को छह हजार और सेमीफाइनलिस्ट को तीन हजार रुपये पुरस्कार दिए जाएंगे। आयोजन समिति के अनुसार कुल पुरस्कार राशि करीब एक लाख रुपये है।


