मैना देवी और एडी गर्ल्स की टीमें बनीं चैंपियन
गोरखपुर में 70वीं माध्यमिक विद्यालयी तहसील स्तरीय बालिका कबड्डी प्रतियोगिता हुई। अंडर-17 में मैना देवी इंटर कॉलेज और अंडर-19 में पीएम श्री राजकीय अयोध्या दास गर्ल्स इंटर कॉलेज की टीम ने खिताब जीते। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता टीमों को पुरस्कार भी वितरित किए गए।

गोरखपुर, निज संवाददाता। 70वीं माध्यमिक विद्यालयी तहसील स्तरीय बालिका कबड्डी प्रतियोगिता मंगलवार को महात्मा गांधी इंटर कॉलेज के खेल मैदान पर आयोजित हुई। इसमें अंडर-17 वर्ग में मैना देवी इंटर कॉलेज, बिलंदपुर खत्ता और अंडर-19 वर्ग में पीएम श्री राजकीय अयोध्या दास गर्ल्स इंटर कॉलेज की टीम ने खिताब जीता। अंडर-19 के फाइनल में अयोध्या दास गर्ल्स इंटर कॉलेज ने दयानंद इंटर कॉलेज, खोराबार की टीम को 22-4 से हराया। वहीं अंडर-17 के रोमांचक फाइनल में मैना देवी इंटर कॉलेज ने महात्मा गांधी इंटर कॉलेज को 30-25 से पराजित किया। अंडर-14 वर्ग में मैना देवी इंटर कॉलेज की टीम ने ही प्रतिभाग किया, जिससे उसे जनपदीय प्रतियोगिता के लिए सीधे क्वालीफाई करने का मौका मिला।प्रतियोगिता
से पहले एमपीपी आर्य कन्या इंटर कॉलेज की शारीरिक शिक्षिका मंजूलता देवी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। समापन पर एमजी इंटर कॉलेज के शारीरिक शिक्षक विवेकानंद मिश्र ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि बेटियां खेल के हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा साबित कर रही हैं। मैच की कमेंट्री डॉ. चंदन सिंह और सुशील त्रिपाठी ने की। इस दौरान शक्ति प्रकाश पांडेय, जयप्रकाश यादव, अनुराग यादव और अभिषेक पाल मौजूद रहे।


