बाढ़ से 57 गांव जलमग्न, 100 से अधिक नाव-बोट चल रहे
जनता के लिए राहत सामग्री और पशुओं के लिए भूसा-पशु आहार का हो रहा वितरण

गोरखपुर, वरिष्ठ संवाददाता सरयू, राप्ती और रोहिन के उफान से गोरखपुर में बाढ़ की स्थिति विकराल होती जा रही है। बाढ़ से प्रभावित गांवों की संख्या 57 पहुंच गई है। पूरे जिले में बाढ़ से राहत देने के लिए प्रशासन 100 से अधिक मोटर वोट और नाव का संचालन करा रहा है। इस बीच जिलाधिकारी दीपक मीणा ने स्पष्ट किया है कि बाढ़ आपदा की घड़ी में किसी भी ग्रामीण या बेजुबान पशु को असहाय नहीं छोड़ा जाएगा।
बाढ़ की स्थिति
खतरे के निशान से ऊपर प्रवाहित हो रही राप्ती और सरयू नदी के उफान से तीन तहसील क्षेत्रों सदर, गोला और बांसगांव के कुछ गांवों में बने बाढ़ के हालात के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रशासन मुस्तैद है। प्रशासन की तरफ से 'जनसेवा और राहत' का सघन अभियान چل रहा है।
राहत कार्य
जिला आपदा विशेषज्ञ गौतम गुप्ता के अनुसार, शुक्रवार तक तहसील गोला के 42 सदर के 8 आए बांसगांव में 7 यानी कुल 57 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। सभी प्रभावित गांवों में व्यापक स्तर पर राहत और बचाव कार्य जारी है। इन सभी गांवों में राहत खाद्यान्न सामग्री किट वितरित किए जा रहे हैं। साथ ही कई गांवों में कम्युनिटी किचन के माध्यम से लगातार गरम पका भोजन (लंच पैकेट) उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रभावितों की मदद के लिए राहत कंट्रोल के अलावा सभी तहसीलों में भी कंट्रोल रूम संचालित किए जा रहे हैं। जिले में अब तक 17192 राशन किट और 49080 लंच पैकेट का वितरण किया जा चुका है। साथ ही पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था की गई है।
राहत शरणालयों का संचालन
दो राहत शरणालयों का संचालन जिला प्रशासन और आपदा राहत कार्यालय की तरफ से दो राहत शरणालयों का संचालन करने के साथ ही 24 बाढ़ चौकियों को क्रियाशील किया गया है। शरणालयों में विस्थापित परिवारों के ठहरने, स्वच्छ पेयजल, स्वच्छ शौचालय, प्रकाश की पुख्ता व्यवस्था की गई है। शरणालयों में ठहरे लोगों के लिए दोनों वक्त पौष्टिक एवं गर्म भोजन की व्यवस्था की जा रही है।
----
सड़क संपर्क की समस्याएं
शहर से सटे 8 गांवों में बढ़ीं दुश्वारियां, सड़कों पर बाढ़ का पानी
सदर तहसील में आठ गांवों में पहुंचना मुश्किल, नाव-मोटरबोट बनी सहारा
डोहरिया-डोमिनगढ़ मार्ग डूबने से दर्जनों गांव प्रभावित
सचित्र-
गोरखपुर, वरिष्ठ संवाददाता
सरयू नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से राप्ती ने भी विकराल रूप हासिल कर रखा है। सरयू नदी लगातार खतरे के निशान का रिकॉर्ड तोड़ रही है। शुक्रवार को शाम 4 बजे सरयू नदी तुर्तीपार में खतरे के निशान से एक मीटर ऊपर बह रही थी। वहीं, बर्डघाट में राप्ती नदी खतरे के निशान से 41 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। इसी क्रम में रोहिन नदी खतरे के निशान से 64 सेंटीमीटर नीचे बह रही है।
नदियों के उफान ने सदर तहसील क्षेत्र में लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शुक्रवार को आठ गांव पूरी तरह बाढ़ के पानी से घिरे रहे। गांवों से बाहर निकलने और जरूरी सामान लाने के लिए ग्रामीणों को नाव और मोटरबोट का सहारा लेना पड़ रहा है। वहीं, आधा दर्जन गांवों में भी बाढ़ का पानी पहुंचने से जनजीवन प्रभावित है। डोहरिया-डोमिनगढ़ मार्ग पर पानी भरने से शहर से गांवों का सीधा संपर्क टूट गया है।
सदर तहसील के बहरामपुर उत्तरी, बहरामपुर दक्षिणी, शेरगढ़, सेन्दुली-बेन्दुली, सिंघोरवा राजी, कठवतिया उर्फ कठउर, झरवा और खिरवनिया गांव बाढ़ से पूरी तरह प्रभावित हैं। डोहरिया बाजार से डोमिनगढ़ रेलवे पुल के नीचे होकर शहर जाने वाला मार्ग बाढ़ के पानी में डूबा है। डोमिनगढ़ के दिग्विजय नगर और डिहवा टोले में भी बाढ़ का असर है।
बहरामपुर के बैरबागवा टोले के रास्ते पर पानी ओवरफ्लो
डोहरिया-डोमिनगढ़ मार्ग बंद होने से पंडितपुरवा, सिउरिया, सेमरा, गौरा, भंडारो, बढ़नी, भिटिनी, कंजहवा, काजीपुर, कुषहरा, डोहरिया बाजार और बुढ़ियाबारी समेत दर्जनों गांवों का शहर से सीधा संपर्क प्रभावित हुआ है। उत्तरी बहरामपुर के बैरबागवा टोले में भी रास्ते पर पानी भर गया है।

