27 से नियमित चलेगी गोरखपुर-दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस
गोरखपुर और दिल्ली के बीच चल रही विशेष ट्रेन को अब नियमित साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस के रूप में संचालित किया जाएगा। ट्रेन हर बृहस्पतिवार रात 10:45 बजे गोरखपुर से चलेगी और अगले दिन दोपहर 12:50 बजे दिल्ली पहुंचेगी। वापसी शुक्रवार को दोपहर 2 बजे दिल्ली से होगी।

गोरखपुर और दिल्ली के बीच यात्रियों की सुविधा के लिए चल रही विशेष ट्रेन को अब नियमित साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस के रूप में संचालित किया जाएगा। ट्रेन संख्या 15095/15096 का नियमित संचालन 27 अगस्त से शुरू होगा। ट्रेन संख्या 15095 गोरखपुर-दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक बृहस्पतिवार को रात 10:45 बजे गोरखपुर से रवाना होगी। यह खलीलाबाद, बस्ती, गोंडा, बुढ़वल, सीतापुर, बरेली, मुरादाबाद और गाजियाबाद होते हुए अगले दिन दोपहर 12:50 बजे दिल्ली पहुंचेगी। मुरादाबाद में ट्रेन के पहुंचने का समय सुबह करीब 9:03 बजे निर्धारित है। वापसी में ट्रेन संख्या 15096 दिल्ली-गोरखपुर अमृत भारत एक्सप्रेस 28 अगस्त से प्रत्येक शुक्रवार को दोपहर 2 बजे दिल्ली से चलेगी।
यह गाजियाबाद, मुरादाबाद, बरेली, सीतापुर, बुढ़वल, गोंडा, बस्ती और खलीलाबाद होते हुए अगले दिन सुबह 6:30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। मुरादाबाद में इसका आगमन शाम 5:18 बजे रहेगा। रेलवे के इस निर्णय से मुरादाबाद समेत मार्ग के अन्य स्टेशनों के यात्रियों को गोरखपुर और दिल्ली के बीच नियमित साप्ताहिक रेल सेवा का लाभ मिलेगा। सीनियर डीसीएम महेश यादव के अनुसार विशेष ट्रेन 05057/05058 को ही अब 15095/15096 नंबर से अमृत भारत एक्सप्रेस के रूप में संचालित किया जाएगा।


