चलते-चलते-- टेक न्यूज
गूगल ने एंटीग्रैविटी नाम का नया ऐप एंड्रॉइड के लिए जारी किया है। इंस्टाग्राम ने एडिट्स ऐप में एआई असिस्टेंट पेश किया है जो कंटेंट के प्रदर्शन को समझेगा। व्हाट्सऐप ने बच्चों की सुरक्षा के लिए नए फीचर्स जोड़े हैं। ऐप्पल नए स्मार्ट-होम उत्पादों की तैयारी कर रहा है जो सिरी एआई का उपयोग करेंगे।

गूगल का एंटीग्रैविटी ऐप अब प्ले स्टोर पर भी गूगल ने एंटीग्रैविटी नाम का नया ऐप एंड्रॉइड के लिए प्ले स्टोर पर जारी किया है। यहां यूजर अलग-अलग एआई एजेंट का इस्तेमाल कर सकेंगे। इसकी खासियत यह है कि डेवलपर सीधे एंटीग्रैविटी से ऐप बना सकते हैं। इसमें क्लाउड कोड और ओपनएआई कोडेक्स जैसे एआई कोडिंग टूल्स का इस्तेमाल करने का विकल्प भी दिया गया है। ऐप को टैबलेट और फोल्डेबल डिवाइस पर भी इस्तेमाल किया जा सकता है।
इंस्टाग्राम एडिट में एआई असिस्टेंट देगा सलाह
इंस्टाग्राम ने अपने एडिट्स ऐप में नया एआई असिस्टेंट पेश किया है। यह सामान्य सलाह देने के बजाय हर क्रिएटर के पुराने कंटेंट और उसके प्रदर्शन को समझकर नया वीडियो बनाने में मदद करेगा। एआई यह भी समझने की कोशिश करेगा कि कौन-सी रील ज्यादा चली और किसी रील पर दर्शकों से उतनी प्रतिक्रिया क्यों नहीं मिला। यह फॉलोअर्स, व्यूज, लाइक्स, शेयर तक जांचेगा।
बच्चों की सुरक्षा के लिए व्हाट्सऐप ने उठाए कदम
व्हाट्सऐप ने किशोरों की ऑनलाइन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नए फीचर पेश किए हैं। माता-पिता इनसे बच्चे के व्हाट्सऐप इस्तेमाल से जुड़ी कुछ सेटिंग नियंत्रित कर सकेंगे। माता-पिता को यह जानकारी मिल सकेगी कि उनका बच्चा किसी ग्रुप में शामिल हुआ या ग्रुप छोड़ा। वे यह भी तय कर सकेंगे कि बच्चे की प्रोफाइल फोटो कौन देख सकता है और उसे ग्रुप में कौन जोड़ सकता है। बच्चा किस चैनल से जुड़ा है, यह भी तय कर पाएंगे।
ऐप्पल के डिवाइस बनाएंगे घर को और स्मार्ट
ऐप्पल 13 अक्टूबर को तीन नए स्मार्ट-होम प्रोडक्ट पेश करने की तैयारी में है। इनमें नया होमपॉड मिनी, ऐप्पल टीवी और कंपनी का लंबे समय से चर्चा में रहा स्मार्ट-होम हब शामिल हो सकता है। होमपॉड मिनी के साथ एक छोटी स्क्रीन भी दी जा सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक, इन तीनों डिवाइस में सिरी एआई की अहम भूमिका होगी। सिरी से घर के कई काम कराए जा सकेंगे।

