बाजार की सुस्ती के बीच निवेशकों को सोने में निवेश बढ़ाने का मौका दिखा

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

भारतीय शेयर बाजारों में गिरावट और वैश्विक अनिश्चितता के बीच सितंबर में गोल्ड ईटीएफ में 4,451 करोड़ रुपये का निवेश आया, जो अगस्त से 71 फीसदी अधिक है। 26 में से 20 गोल्ड ईटीएफ में निवेश बढ़ा और खातों की संख्या भी बढ़ी। सोने की कीमतें शिखर से 26 फीसदी नीचे आईं। विशेषज्ञों ने एकमुश्त निवेश के बजाय चरणबद्ध खरीदारी की सलाह दी।

बाजार की सुस्ती के बीच निवेशकों को सोने में निवेश बढ़ाने का मौका दिखा

नई दिल्ली, एजेंसी। भारतीय शेयर बाजारों में गिरावट के बीच निवेशकों ने सोने का रुख बढ़ाया है। सितंबर में गोल्ड ईटीएफ में 4,451 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश आया। अगस्त में यह 2,597 करोड़ रुपये था यानी एक महीने में निवेश 71 फीसदी बढ़ गया। यह वित्त वर्ष 2026-27 में अब तक किसी एक महीने में गोल्ड ईटीएफ में सबसे ज्यादा निवेश है। सितंबर में भारतीय शेयर बाजार में दबाव रहा। विदेशी निवेशकों की बिकवाली और वैश्विक स्तर पर बढ़ी अनिश्चितता के बीच शेयर बाजार में गिरावट आई। सितंबर में निफ्टी-50 में करीब 6.1 फीसदी तक लुढ़क गया। विश्व स्वर्ण परिषद के अनुसार, घरेलू शेयर बाजार में गिरावट ने निवेशकों को पोर्टफोलियो में विविधता लाने और सोने में पैसा लगाने के लिए प्रेरित किया। खास बात यह है कि सितंबर में सोने की कीमतों में गिरावट के बावजूद गोल्ड ईटीएफ में निवेश बढ़ा। इससे संकेत मिलता है कि निवेशक कीमतों में आई गिरावट को सोने में निवेश बढ़ाने के मौके के तौर पर देख रहे थे। साथ ही शेयर बाजार में कमजोरी और वैश्विक अनिश्चितता ने भी सोने की मांग को सहारा दिया।

गोल्ड ईटीएफ में निवेश का बढ़ता रुझान

26 में से 20 गोल्ड ईटीएफ में आया पैसा

वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल के अनुसार, सितंबर में भारत में मौजूद 26 गोल्ड ईटीएफ में से 20 में निवेश आया। भारत में सूचीबद्ध गोल्ड ईटीएफ में करीब 496.2 करोड़ डॉलर का निवेश आया। यह अगस्त के मुकाबले लगभग दोगुना था। गोल्ड ईटीएफ में कुल होल्डिंग 3.12 टन बढ़ी। दिसंबर 2025 के मुकाबले भारत में गोल्ड ईटीएफ के पास रखे सोने की मात्रा 31 फीसदी बढ़कर 124.4 टन हो गई है। 2026 में अब तक भारत के गोल्ड ईटीएफ में 4.71 अरब डॉलर का निवेश आ चुका है। इस दौरान इन फंडों में 29.40 टन सोना जुड़ा है। भारत इस साल गोल्ड ईटीएफ में निवेश के मामले में दुनिया में तीसरे स्थान पर है।

गोल्ड ईटीएफ खातों और निवेश में वृद्धि

गोल्ड ईटीएफ खाते भी बढ़े

मासिक निवेश में उतार-चढ़ाव के बावजूद गोल्ड ईटीएफ में निवेशकों की संख्या और फंड का आकार तेजी से बढ़ा है। सितंबर 2025 में गोल्ड ईटीएफ में 86.63 लाख खाते थे, जो सितंबर 2026 में बढ़कर 1.27 करोड़ हो गए यानी खातों की संख्या में करीब 46.3 फीसदी की बढ़ोतरी हुई।

महीने के अनुसार गोल्ड ईटीएफ निवेश

महीना निवेश (₹ करोड़ में)

जनवरी 2026 24,039.96

फरवरी 2026 5,255

मार्च 2026 2,266

अप्रैल 2026 3,040

मई 2026 -725

जून 2026 3,443

जुलाई 2026 1,559

अगस्त 2026 2,597

सितंबर 2026 4,451

सोने की कीमतों में गिरावट

सोना शिखर से 26% टूटा

अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत इस साल के शिखर से करीब 26 फीसदी नीचे आ चुकी है। जनवरी में सोना करीब 5,595 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर पर था। अब यह करीब 4,138 डॉलर प्रति औंस पर आ गया है। विशेषज्ञों के अनुसार, इतनी बड़ी गिरावट के बाद आम निवेशकों के लिए सोने में नए सिरे से निवेश का मौका बन सकता है। हालांकि, सिर्फ कीमत गिरने को खरीदारी का संकेत नहीं माना जा सकता। निवेश की रणनीति लंबी अवधि और पोर्टफोलियो में सोने की जरूरत को देखकर तय करनी चाहिए।

चरणबद्ध तरीके से निवेश की सलाह

एकमुश्त निवेश के बजाय धीरे-धीरे खरीदारी

निवेश विशेषज्ञों के मुताबिक, सोने में निवेश का मकसद अगर कुछ दिनों में कीमत बढ़ने से मुनाफा कमाना नहीं, बल्कि पोर्टफोलियो में विविधता लाना है, तो बिल्कुल निचला स्तर पकड़ने का इंतजार जरूरी नहीं है। बाजार का निचला स्तर पहले से तय करना मुश्किल होता है। ऐसे में आम निवेशक रकम को एक साथ लगाने के बजाय चरणबद्ध तरीके से निवेश कर सकते हैं। इससे कीमतों में आगे और उतार-चढ़ाव होने पर औसत खरीद कीमत को संतुलित करने का मौका मिलता है।

सोने की कीमतों में गिरावट के कारण

सोने में गिरावट के पांच प्रमुख कारण

1. अमेरिकी बॉन्ड यील्ड बढ़ना : सोने की तुलना में ब्याज देने वाले निवेश आकर्षक हुए

2. डॉलर मजबूत होना : मजबूत डॉलर से डॉलर में कीमत वाला सोना दबाव में आया।

3. वायदा बाजार में बिकवाली : सोने के वायदा सौदों में निवेशकों की पोजीशन घटने से कीमतों पर दबाव बढ़ा।

4. बढ़ती ब्याज दरों की आशंका : ऊंची दरों से बिना ब्याज वाले सोने की आकर्षण क्षमता घटती है।

5. मुनाफावसूली : जनवरी के रिकॉर्ड स्तर के बाद तेज बढ़त के चलते निवेशकों की बिकवाली से भी गिरावट बढ़ी।

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल

✦सितंबर में गोल्ड ईटीएफ में कितना शुद्ध निवेश आया?−
सितंबर में गोल्ड ईटीएफ में 4,451 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश आया।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव , CJP Protest Live और Navratri 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsबाजार की सुस्ती के बीच निवेशकों को सोने में निवेश बढ़ाने का मौका दिखा