गोल्ड बॉन्ड ने 228% का मुनाफा कराया
करीब पांच साल पहले सोने में निवेश के लिए गोल्ड बांड खरीदने वाले निवेशकों की रकम अब दोगुने से भी ज्यादा हो गई है। सितंबर 2021 में जारी बांड को सात सितंबर से समयपूर्व भुनाया जा सकेगा। आरबीआई ने प्रति ग्राम भुगतान मूल्य 15,334 रुपये तय किया है।

नई दिल्ली, एजेंसी। करीब पांच साल पहले सोने में निवेश के लिए गोल्ड बांड खरीदने वाले निवेशकों की रकम अब दोगुने से भी ज्यादा हो गई है। सितंबर 2021 में जारी 2021-22 सीरीज-6 के बांड को सात सितंबर से समयपूर्व भुनाया जा सकेगा। आरबीआई ने इसके लिए 15,334 रुपये प्रति ग्राम का भुगतान मूल्य तय किया है। यानी ऑनलाइन 4,682 रुपये प्रति ग्राम की दर से निवेश करने वालों को करीब पांच साल में 227.5 फीसदी का मुनाफा होगा। यह बांड सीरीज सात सितंबर 2021 को जारी हुई थी। नियमों के अनुसार गोल्ड बांड में पांच साल पूरे होने के बाद समय से पहले निकासी की सुविधा मिलती है, इसलिए इस सीरीज के निवेशक सात सितंबर 2026 से अपना निवेश भुना सकते हैं। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि निवेशक को 7 सितंबर को ही बांड बेचना जरूरी है। सॉवरेन गोल्ड बांड की मूल अवधि आठ साल होती है। निवेशक चाहें तो इसे मूल परिपक्वता तक भी रख सकते हैं。
निवेश का मूल्यांकन
1 लाख रुपये के अब 3.28 लाख रुपये
निवेश का लाभ
अगर किसी निवेशक ने सितंबर 2021 में ऑनलाइन माध्यम से इस बांड में 1 लाख रुपये लगाए थे, तो उस समय उसे करीब 21.36 इकाई मिली होंगी। 7 सितंबर 2026 की 15,334 रुपये प्रति इकाई की कीमत के हिसाब से इस निवेश का मूल्य करीब 3.28 लाख रुपये हो गया है। इसमें बांड पर मिलने वाला ब्याज शामिल नहीं है। यानी वास्तविक कुल कमाई इससे अधिक होगी। ऑनलाइन खरीद पर निवेशकों को 50 रुपये प्रति ग्राम की छूट मिली थी। इसलिए ऑनलाइन निवेश के लिए कीमत 4,682 रुपये रही, जबकि अन्य निवेशकों के लिए इश्यू कीमत 4,732 रुपये प्रति ग्राम थी।


