रुपये में मजबूती से सोना और चांदी फिसले
रुपये में मजबूती और वैश्विक बाजारों से कमजोर संकेतों के बीच सोमवार को दिल्ली में सोने की कीमत 1,400 रुपये घटकर 1.53 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई। चांदी भी 2,000 रुपये गिरकर 2,26,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंची। रुपये में 96 पैसे की बढ़त के साथ यह 95.75 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। घरेलू बाजार में सोने की खरीदारी सुस्त रही।

नई दिल्ली, एजेंसी। रुपये में मजबूती और वैश्विक बाजारों में कमजोरी के बीच राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को सोने की कीमत 1,400 रुपये घटकर 1.53 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत शुक्रवार को 1,54,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी। चांदी की कीमत भी 2,000 रुपये गिरकर 2,26,500 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी कर सहित) रह गई। पिछले कारोबारी सत्र में यह 2,28,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।
सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट
जानकारों ने कहा, वैश्विक बाजारों से कमजोर संकेत मिलने के कारण सोमवार को घरेलू बाजार में सोने की कीमतों में नरमी रही। रुपये में मजबूती ने भी कीमती धातुओं की कीमतों पर दबाव बढ़ाया। भारतीय रिजर्व बैंक ने घरेलू मुद्रा को मजबूती देने के उद्देश्य से सप्ताहांत में कई उपाय किए थे। इसके बाद सोमवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 96 पैसे मजबूत होकर 95.75 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। छह महीने से अधिक समय में यह एक दिन की सबसे बड़ी बढ़त थी। भौतिक सोने की मांग मिली-जुली रही। कीमतों में तेजी आने के बाद घरेलू बाजार में सोने की खरीदारी सुस्त रही, जबकि चीन में छुट्टियों के कारण कम कारोबार वाले दौर के बाद मांग बढ़ने की उम्मीद है।

