चलती ट्रेन से उतरने के प्रयास में युवती गिरकर घायल
गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर एक युवती चलती ट्रेन से कूदने के प्रयास में गंभीर रूप से घायल हो गई। रिया, जो अपनी मां को ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रही थी, प्लेटफार्म पर गिर गई। उसे प्राथमिक उपचार के बाद एमएमजी अस्पताल से सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया।

गाजियाबाद, अमन वत्स। गाजियाबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-तीन पर सोमवार दोपहर को चलती ट्रेन से उतरने के प्रयास में युवती नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे प्राथमिक उपचार के बाद एमएमजी अस्पताल से दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार दिल्ली निवासी रामू यादव अपनी पत्नी सरोज यादव और बेटी रिया के साथ गाजियाबाद से दिल्ली कैंट जाने के लिए स्टेशन पहुंचे थे। दोपहर करीब दो बजे के पास ट्रेन में चढ़ते समय रामू और उनकी बेटी रिया तो कोच के अंदर चढ़ गए लेकिन मां सरोज यादव प्लेटफार्म पर ही रह गई।इस
दौरान रिया की नजर प्लेटफार्म पर खड़ी मां पर पड़ी। घबराहट में उसने चलती ट्रेन से नीचे उतरने का प्रयास किया और प्लेटफार्म पर गिर गई। इसके बाद ट्रेन मैनेजर ने तुरंत स्टेशन मास्टर को घटना की सूचना दी, जिसके बाद आरपीएफ के जवान और रेलवे के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। रेलवे डॉक्टर ने मौके पर प्राथमिक उपचार दिया।इसके बाद उसे एंबुलेंस से जिला एमएमजी अस्पताल भेजा गया। एक्स-रे व जांच के बाद डॉक्टरों ने जांघ में गंभीर फ्रैक्चर की पुष्टि करते हुए बेहतर इलाज के लिए सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया।

