युवती को बहला ले गए कार सवार, गोली मारने की धमकी
सरायअकिल क्षेत्र में एक युवती का अपहरण कर लिया गया। आरोपियों ने युवती के चाचा को गोली मारने की धमकी दी। युवती के भाई ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। डीएसपी ने कहा कि आरोपी जल्द पकड़े जाएंगे और युवती को सुरक्षित वापस लाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

सरायअकिल क्षेत्र की एक युवती को कार सवार दो युवक बहला ले गए। आरोप है कि तलाश करने पर युवती के चाचा को आरोपियों ने घर में घुसकर गोली मारने की धमकी दी। युवती के भाई की तहरीर पर पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सरायअकिल कस्बे में रहने वाली युवती के भाई ने बताया कि चार सितंबर की दोपहर उसकी बहन घर पर बैठी थी। आरोप है कि अजुहा निवासी अमर व हिमेश आए और बहलाकर उसे अपने साथ कार में बैठा ले गए। कुछ देर बात जानकारी हुई तो परिजनों ने तलाश शुरू की, लेकिन सुराग नहीं लगा।
आरोप है कि युवती के चाचा ने अमर से फोन पर संपर्क कर उसके बारे में जानकारी मांगी तो आरोपियों ने उसे अपने साथ ले जाने की बात कही। साथ ही युवती की तलाश करने पर घर में घुसकर गोली मारने की धमकी दे दी। पीड़ित भाई ने छह दिन बाद शुक्रवार को थाने पहुंचकर घटना की तहरीर दी। डीएसपी चायल शिवांक सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर नामजद मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। जल्द ही युवती की बरामदगी व आरोपियों की गिरफ्तारी कराई जाएगी।


