चुनाव अवैध हैं तो राहुल नेता प्रतिपक्ष पद से इस्तीफा दें : गिरिराज सिंह
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर राहुल गांधी की आलोचना की। उन्होंने कहा कि यदि राहुल चुनावों को अवैध मानते हैं, तो उन्हें लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष पद और कर्नाटक तथा तेलंगाना के जनादेश से भी इस्तीफा देना चाहिए। सिंह ने विपक्ष पर देश में अस्थिरता और अराजकता फैलाने की कोशिश का आरोप लगाया।

सूरत, एजेंसी। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने शुक्रवार को मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर चुनाव अवैध हैं तो राहुल को सबसे पहले लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष पद से इस्तीफा देना चाहिए और कर्नाटक तथा तेलंगाना में मिले जनादेश को भी त्याग देना चाहिए। सूरत जिले के तीन दिवसीय दौरे के दौरान पत्रकारों से बातचीत में भाजपा नेता ने राहुल पर देश को अस्थिर करने की कोशिश करने का आरोप लगाया। विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि ‘सीईसी इस्तीफा क्यों दें? क्या अपनी पसंद की चीजों को खुशी-खुशी स्वीकार करना और जो पसंद न हो, उस पर उंगली उठाना उचित है?’ उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेता पड़ोसी देशों जैसी अशांति का माहौल पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ‘जैसे-जैसे भारत प्रगति कर रहा है, राहुल गांधी जैसे लोग यहां बांग्लादेश या नेपाल जैसा अराजकता का माहौल बनाना चाहते हैं। वे केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरोधी हैं और उनका असली चेहरा उजागर हो चुका है।’

