गाजियाबाद योगासन खेल प्रतियोगिता में मेहर और आरव की सर्वश्रेष्ठ प्रस्तुति
गाजियाबाद में 29-30 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 15वीं योगासन खेल प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस प्रतियोगिता में 40 स्कूलों के 350 खिलाड़ियों ने भाग लिया। मेहर और आरव जैन ने अपनी श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रमुख व्यक्तियों ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया और विजेताओं को सम्मानित किया।

गाजियाबाद, गुलशन भारती। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 29 और 30 अगस्त को 15वीं गाजियाबाद योगासन खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। शंभू दयाल इंटर कॉलेज से शुरू हुई इस प्रतियोगिता में 40 स्कूलों के 350 खिलाड़ियों सहित सीनियर वर्ग के खिलाड़ियों ने भाग लिया। इसमें मेहर और आरव जैन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, हरनौत ग्रुप के अध्यक्ष रिंकेश कुमार वत्स, शंभू दयाल इंटर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. देवेंद्र कुमार, यूपी योगा एसोसिएशन के महासचिव डॉ. यश पाराशर और जिला योगा एसोसिएशन के अध्यक्ष राजकुमार वर्मा ने किया। खिलाड़ियों ने योग की उत्कृष्ट मुद्राओं की प्रस्तुति से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर मयंक गोयल ने कहा कि मुख्यमंत्री ने खेल और खिलाड़ियों के लिए कैबिनेट में विशेष योजनाएं पारित की हैं। आने वाले समय में यूपी का नाम खेलों में प्रथम श्रेणी में होगा। उन्होंने योगासन को बढ़ावा देने वाले 20 विद्यालयों को सम्मानित भी किया। प्रतियोगिता के दूसरे दिन 30 अगस्त को विजेताओं के नाम घोषित किए गए। 6-8 वर्षीय बालिका वर्ग में सालवान की मेहर प्रथम, जीडी गोयनका की वंशिका द्वितीय और गोरीता जिंदल तृतीय स्थान पर रहीं। बालक वर्ग में डीपीएस राजनगर के आरव जैन प्रथम, सीपीए के शुभम सिंह द्वितीय और ग्रीन फील्ड के केशव कौशिक ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। मुख्य अतिथि एसडीएम न्यायिक रमाशंकर, जिला आबकारी अधिकारी संजय सिंह, क्षेत्रीय आयुर्वेद अधिकारी डॉ. अशोक कुमार राणा और प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेंद्र कुमार बिल्लू ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। समापन कार्यक्रम योग शक्ति इंटरनेशनल योगा ट्रेनिंग में हुआ। गाजियाबाद योगा एसोसिएशन के महासचिव विकास कश्यप ने बताया कि विजेता खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे।


