कुशीनगर पहुंची जेन-जी कनेक्ट यात्रा, एयरपोर्ट को लेकर युवाओं ने उठाए सवाल
कुशीनगर में जस्टिस मोर्चा की जेन-जी कनेक्ट यात्रा शुरू हुई। विद्यार्थियों से संवाद के दौरान एयरपोर्ट पर नियमित उड़ानें और शिक्षा रोजगार जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। युवाओं ने एयरपोर्ट के संचालन और किसानों की जमीन के मुद्दे उठाए। यात्रा ने लोकतांत्रिक अधिकारों और सामाजिक न्याय पर जोर दिया।

कुशीनगर। जस्टिस मोर्चा के नेतृत्व में चल रही जेन-जी कनेक्ट यात्रा कुशीनगर पहुंची। यात्रा की शुरुआत बुद्ध पीजी कॉलेज से हुई, जहां सभा आयोजित कर विद्यार्थियों से संवाद किया गया। इस दौरान यात्रा के उद्देश्यों और शिक्षा, रोजगार तथा परीक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर पर्चे भी वितरित किए गए। इसके बाद यात्रा कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंची। यहां युवाओं ने एयरपोर्ट पर नियमित उड़ानों के संचालन को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। यात्रियों ने आरोप लगाया कि एयरपोर्ट के लिए किसानों की जमीन ली गई, लेकिन नियमित उड़ानों का संचालन नहीं हो रहा है। युवाओं ने एयरपोर्ट चालू करो, नहीं तो किसानों की जमीन वापस करो का मुद्दा उठाते हुए नियमित उड़ानें शुरू कराने की मांग की।
यात्रा शहीद मेजर अमिय त्रिपाठी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए कसया पहुंची। यहां गांधी चौक, आजाद चौक, सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा और दीवानी कचहरी स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इस दौरान युवाओं ने स्वतंत्रता आंदोलन, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक अधिकारों की विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। इसके बाद यात्रा देवरिया की ओर रवाना हुई। रास्ते में नुक्कड़ सभाएं आयोजित की गईं। इन सभाओं में स्थानीय युवाओं, विद्यार्थियों और आम लोगों से संवाद करते हुए शिक्षा व्यवस्था, बेरोजगारी, सरकारी भर्तियों में देरी और परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं जैसे मुद्दे उठाए गए। जस्टिस मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कहा कि जेन-जी कनेक्ट यात्रा का उद्देश्य युवाओं की समस्याओं को सीधे उनके बीच जाकर समझना और उन्हें साझा मंच पर उठाना है। उन्होंने कहा कि युवा रोजगार, बेहतर शिक्षा और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था चाहता है। यात्रा के माध्यम से इन मुद्दों को प्रदेश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।


