चार माह बाद भी खत्म नहीं हुआ गैस का बैकलॉग, अभी भी 34 हजार
देवरिया में गैस सिलेंडर का बैकलॉग चार माह से 34 हजार का है। डीएम ने कंपनियों को बैकलॉग घटाकर 25 हजार करने का निर्देश दिया है। बुकिंग के एक हफ्ते बाद उपभोक्ताओं को सिलेंडर मिल रहे हैं। जनपद में 7 लाख 71 हजार गैस कनेक्शनों के सापेक्ष 34,291 कनेक्शन लंबित हैं।

देवरिया, निज संवाददाता। चार माह बाद भी गैस सिलेंडर का बैकलॉग खत नहीं हुआ है। अभी भी 34 हजार का बैकलॉग चल रहा है। डीएम ने कंपनियों को बैकलॉग घटाकर 25 हजार करने का निर्देश दिया है। बैकलाश के चलते बुकिंग के हफ्ता दिन बाद उपभोक्ताओं को सिलेंडर मिल रहा है। जनपद में कुल 7 लाख 71 हजार गैस कनेक्शनों के सापेक्ष 34,291 गैस कनेक्शनों का बैकलॉग लंबित है। डीएम मधुसूदन हुल्गी ने विशेष रूप से इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के अधिकारियों को बैकलॉग कम करने को प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि सभी गैस एजेंसियां बैकलॉग घटाकर 25 हजार तक लाएं, ताकि पात्र परिवारों को समयबद्ध तरीके से गैस कनेक्शन उपलब्ध कराया जा सके।
जिलाधिकारी ने जीरो पॉवर्टी योजना के अंतर्गत चयनित परिवारों के गैस कनेक्शन की उपलब्धता के सत्यापन की भी समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि अब तक लगभग 80 प्रतिशत परिवारों का सत्यापन पूरा किया जा चुका है। इस पर जिलाधिकारी ने शेष सत्यापन कार्य माह के अंत तक करने का निर्देश दिया। जिला पूर्ति अधिकारी संजय कुमार पांडे ने कहा कि बैकलॉग कम करने के लिए सभी कंपनियों को सिलेंडरों की आपूर्ति बढ़ाने को निर्देशित किया गया है।


