संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बरते पुलिस: आनंद स्वरूप
पौड़ी के आयुक्त आनंद स्वरूप ने जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों के साथ वर्चुअल बैठक में मोहर्रम पर्व की तैयारियों और अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने, विशेष सतर्कता और अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। आपदा प्रबंधन के लिए मॉक ड्रिल आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।
पौड़ी। आयुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप ने मंडल के जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों की वर्चुअल बैठक लेते हुए मोहर्रम पर्व की तैयारियों के साथ ही फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। आयुक्त ने मोहर्रम पर्व के मद्देनजर सातों जिलों में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाएं रखने और पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर आवश्यक तैयारियों पर जोर दिया। देहरादून और हरिद्वार जनपदों में विभिन्न स्थानों पर मोहर्रम जुलूस प्रस्तावित हैं, जबकि टिहरी में भी एक स्थान पर जुलूस निकाला जाएगा। कमिश्नर ने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, पर्याप्त पुलिस फोर्स की तैनाती सुनिश्चित करने और ताजिया कमेटियों, धर्मगुरुओं और स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों के साथ नियमित समन्वय बनाएं रखने् के निर्देश दिए है।
कहा कि पर्व को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाया जाए। किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित हो। बैठक में इसके अलावा फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं की भी विस्तृत समीक्षा की गई। कमिश्नर ने सभी जिलाधिकारियों को होटल, अस्पताल, मॉल, कोचिंग संस्थानों, कार्यालयों और सार्वजनिक प्रतिष्ठानों का फायर सेफ्टी ऑडिट कराने के निर्देश दिए। कहा कि अग्नि सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करवाया जाए और फायर सेफ्टी उपकरणों की नियमित जांच की जाएं।आयुक्त ने जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के समन्वय से संभावित अग्निकांड व अन्य आपदा स्थितियों से निपटने के लिए मॉक ड्रिल आयोजित करने को भी कहा। आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया के लिए पूरी तैयारी को आवश्यक बताया और कहा कि सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में मंडल के सभी जनपदों के डीएम, एसएसपी और एसपी सहित संबंधित विभागों के अफसर भी वर्चुअल जुड़े।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?


