राहुल खट्टा गैंग के गैंगस्टर को सुनाई गई दो साल की सजा
कुख्यात बदमाश नितिन को दो साल की सजा और पांच हजार रुपये का अर्थदंड़ सुनाया गया। नितिन, जो राहुल खट्टा का दाहिना हाथ था, ने कई संगीन अपराधों में भाग लिया था। 2015 में हुई हत्या के मामले में नितिन को गिरफ्तार किया गया। न्यायाधीश ने सजा सुनाते हुए अर्थदंड़ न देने पर अतिरिक्त कारावास का आदेश दिया।

कुख्यात बदमाश रहे राहुल खट्टा गैंग में शामिल रहे गैंगस्टर को दो साल की सजा सुनाई गई, साथ ही उस पर पांच हजार रुपये का अर्थदंड़ लगाया गया। सजा पर सुनवाई के दौरान मुजफ्फरनगर पुलिस गैंगस्टर को कोर्ट लेकर पहुंची थी। एडीजीसी इंद्रपाल सिंह ढाका ने बताया कि अक्खेपुर थाना सरधना जिला मेरठ का रहने वाला नितिन कुख्यात बदमाश रहे राहुल खट्टा का दाहिना हाथ था। उसने राहुल खट्टा के साथ मिल कई संगीन घटनाओं को अंजाम दिया था। वर्ष 2015 में व्यक्ति की हत्या के बाद राहुल खट्टा और उसके साथी नितिन पर बागपत कोतवाली में गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा दर्ज हुआ था।
मुकदमे की सुनवाई के दौरान राहुल खट्टा पुलिस मुठभेड़ में ढेर हो गया था, जबकि उसका साथी नितिन फरार हो गया था। बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जिसके बाद विवेचक ने आरोपी गैंगस्टर नितिन के खिलाफ न्यायालय में चार्जशीट दाखिल कर दी थी। एडीजीसी इंद्रपाल सिंह ने बताया कि तभी से उक्त मुकदमे की सुनवाई न्यायालय में चल रही थी। गुरुवार को न्यायाधीश ने सजा पर सुनवाई करते हुए गैंगस्टर नितिन को दो साल की सजा सुनाई, साथ ही उस पर पांच हजार रुपये का अर्थदंड़ लगाया। अर्थदंड़ अदा न करने पर अतिरिक्त कारावास के आदेश जारी किए गए।


