दीपक नादंल पर दर्ज है 12 से ज्यादा मामले
गुरुग्राम,प्रमुख संवाददाता। हरियाणा और पंजाब की म्यूजिक इंडस्ट्री में सुर बिखेरने वाले चेहरे का खौफनाक गैंगस्टर बनने का सफर बेहद चौंकाने वाला है।

गुरुग्राम,प्रमुख संवाददाता। कारोबारी के मकान में फायरिंग में नामजद गैंगस्टर दीपक विदेश में बैठकर ही सोशल मीडिया और शूटर्स के जरिए दिल्ली-एनसीआर में अपना जबरन वसूली का रैकेट चला रहा है। उसके खिलाफ 12 से अधिक मामले दर्ज हैं। हरियाणा और पंजाब की म्यूजिक इंडस्ट्री में सुर बिखेरने वाले चेहरे का खौफनाक गैंगस्टर बनने का सफर बेहद चौंकाने वाला है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, कुछ साल पहले तक दीपक नांदल अपराध की दुनिया से दूर हरियाणा और पंजाब की म्यूजिक इंडस्ट्री का एक जाना-माना चेहरा था। वह एक तेजी से उभरता हुआ म्यूजिक प्रोड्यूसर था, जिसने बादशाह और राहुल फाजिलपुरिया जैसे देश के बड़े म्यूजिक स्टार्स के साथ काम किया, लेकिन रुपयों के लालच और विवादों ने उसे अपराध के दलदल में धकेल दिया। पुलिस सूत्रों का कहना है कि नांदल भारत से भागकर पहले दुबई गया था और फिलहाल उसके यूके (यूनाइटेड किंगडम) में छिपे होने के इनपुट हैं。
सिंगर फाजिलपुरिया पर हमला और हत्या की वारदातें
दीपक नांदल का नाम पहली बार तब सबसे ज्यादा उछला, जब पिछले साल जुलाई में गुरुग्राम के सेक्टर-71 में मशहूर सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर हमला हुआ था। इस हमले की जिम्मेदारी खुद दीपक नांदल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर ली थी। उसका दावा था कि फाजिलपुरिया के साथ उसका पांच करोड़ का लेन-देन है और पैसे न लौटाने पर उसने हमला कराया।
बिल्डरों और कारोबारियों पर ताबड़तोड़ फायरिंग
नांदल गैंग का खौफ यहीं नहीं रुका। पिछले साल सितंबर में सेक्टर-45 स्थित एमएनआर बिल्डमार्क एलएलपी के दफ्तर पर बदमाशों ने रात के अंधेरे में करीब 25-30 राउंड गोलियां बरसाईं। इसकी जिम्मेदारी लेते हुए नांदल ने सोशल मीडिया पर लिखा था कि जो भी उसका बकाया पैसा नहीं लौटाएगा, उसका यही हश्र होगा। उसने खुलेआम धमकी दी थी कि जिस-जिस को रुपये देने हैं वह हिसाब करे, जो रुपये नहीं देगा उसे मार दिया जाएगा।इसके बाद गोल्फ कोर्स रोड स्थित एक फैशन डिजाइनर के कार्यालय पर भी फिरौती नहीं देने पर फायरिंग करवाने का आरोप है। वहीं फाजिलपुरिया के मैनेजर रहे सौरभ यादव के घर पर फायरिंग की थी,जिसमें गोली लगने से एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ था। विदेश में बैठे गैंगस्टर दीपक नादंल पर हरियाणा में 12 से ज्यादा मामले दर्ज है। इनमें से छह से ज्यादा मामले अकेले गुरुग्राम में दर्ज है। बीते एक साल से गैंगस्टर दीपक नादंल गुरुग्राम में सक्रिय है और लगातार वारदातों को अंजाम देकर दहशत मचा रहा है。


