महाराष्ट्र पुलिस ने दाऊद के करीबी अख्तर को दिल्ली से पकड़ा
- अख्तर हुसैन के खिलाफ जारी हुआ था रेड कॉर्नर नोटिस ठाणे, एजेंसी। महाराष्ट्र

ठाणे, एजेंसी। महाराष्ट्र पुलिस ने भगोड़े गैंगस्टर दाऊद इब्राहिम कास्कर के कथित सहयोगी अख्तर हुसैन मर्चेंट को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया है। यह महाराष्ट्र के ठाणे में रंगदारी और जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रहा था। उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट और इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था। इसके आधार पर केंद्रीय आव्रजन अधिकारियों ने सोमवार दोपहर उसे हवाई अड्डे पर पकड़ा। यह मामला 13 अक्टूबर 2023 का है। ठाणे जिले के मीरा रोड स्थित इंटरनेशनल बेकिंग कंपनी में एक अज्ञात व्यक्ति घुसा और उसने पिस्तौल निकालकर गोली चलाने का प्रयास किया।
हालांकि, गोली नहीं चली, लेकिन यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। इसके बाद पुलिस ने पूरे नेटवर्क का खुलासा किया। जांच के दौरान पुलिस ने भारतीय दंड संहिता, शस्त्र अधिनियम और मकोका के तहत मामला दर्ज किया, जिसमें मर्चेंट की सक्रिय भूमिका सामने आई थी। दिल्ली हवाई अड्डे पर हिरासत में लिए जाने के बाद आरोपी को तुरंत पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने पुलिस की दलीलों को स्वीकार करते हुए आरोपी को 22 अगस्त 2026 तक 5 दिनों के ट्रांजिट रिमांड पर काशीमीरा पुलिस को सौंप दिया है। अदालत ने पुलिस टीम को मर्चेंट को महाराष्ट्र लाते ही ठाणे की विशेष मकोका अदालत के समक्ष पेश करने का निर्देश दिया है, जहां पुलिस उससे आगे की पूछताछ कर मुख्य साजिश का पर्दाफाश करेगी।


